
Prem lata MC
पुनीत महाजन
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
चंडीगढ़
चंडीगढ़, 27 मार्च 2026: चंडीगढ़ नगर निगम की वार्ड 23 की पार्षद प्रेमलता ने मेयर सौरव जोशी द्वारा प्रशासक को स्टाफ की कमी के संबंध में लिखे गए पत्र को बीजेपी के जनता के प्रति दोहरे चेहरे और भ्रामक चरित्र का उदाहरण बताते हुए कड़ी निंदा की है।
पार्षद प्रेमलता ने कहा कि कुछ महीने पहले बीजेपी की पूर्व मेयर के कार्यकाल में नगर निगम के हजारों कर्मचारियों को बिना किसी नोटिस के नौकरी से निकाल दिया गया था। आज भी वे कर्मचारी अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए सड़कों पर भटक रहे हैं और वैकल्पिक रोजगार की तलाश कर रहे हैं।
जबकि इसके विपरीत निगम में पैसा होते हुए उस समय पैसे की कमी का शोर मचाते हुए इन कर्मचारियों को निकाल दिया गया जबकि उसी समय निगम के सैंकड़ों करोड़ रुपए का घोटाला कुछ कर्मचारियों द्वारा इन्हीं की नाक के नीचे बैंकों के साथ मिलकर किया जा रहा था।
उन्होंने मेयर सौरव जोशी से सवाल किया, यदि आप वास्तव में नगर निगम कर्मचारियों के हित चाहते हैं, तो उन सभी कर्मचारियों की नौकरियां बहाल करें, ताकि उनके घरों में चूल्हा जल सके, उनके माता-पिता की दवाइयां हो सकें और उनके बच्चों की पढ़ाई ठीक से चल सके।
प्रेमलता ने आगे कहा, “मेयर पद संभालने के बाद आपने एक एसडीओ का तबादला निगम से प्रशासन में कर दिया है। क्या यह आपके अनुमोदन से हुआ? यदि नहीं तो आपने इस के विरुद्ध अभी तक आवाज क्यों नहीं उठाई।
एक तरफ आप स्टाफ की कमी का राग अलाप रहे हैं, दूसरी तरफ अपने ही स्टाफ को प्रशासन में भेज रहे हैं। यह स्पष्ट रूप से आपके और बीजेपी के दोहरे मापदंड को उजागर करता है।
पार्षद प्रेमलता ने जोर देकर कहा कि यदि मेयर जोशी और बीजेपी पूर्व मेयर के कार्यकाल में निकाले गए हजारों कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर नहीं बहाल करते, तो स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाना केवल जनता को गुमराह करने का प्रयास है और बी जे पी की गरीब और आम जनता विरोधी सोच को उजागर करता है।
