
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
सांसद और कांग्रेस के नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि हरियाणा में धान खरीदी के नाम पर भाजपा के डबल धोखे की खेती ने किसानों को सताने लूटने और कर्ज में डुबोने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
नतीज़ा – इस साल धान खरीदी का आंकड़ा, “10 साल में सबसे कम खरीदी का नायब रिकॉर्ड” बना गया !
भाजपा सरकार ने सरकारी खरीदी से पीछा छुड़ाने, किसानों को मंडियों में पहुँचने से रोकने और प्राइवेट सिस्टम से लुटवाने में जो जोर लगाया उस का नतीजा देखिए !
हांसी और सिसाय मंडी में ही सरकारी खरीदी के मुकाबले किसान का तीन गुना अधिक धान प्राइवेट हाथों में चला गया !
जहां MSP पर केवल 1.37 लाख क्विंटल धान खरीदी हुई, वहीं प्राइवेट में 3.98 लाख क्विंटल धान बिका !
अब जबकि “सरकारी खरीदी के झांसे का शटर” भी बंद हो चुका है, अब किसान खरीदी के लिए प्राइवेट सिस्टम के भरोसे ही रह गए हैं !
प्रदेश में 15 नवंबर तक मंडियों में PR धान की कुल आवक करीब 51.95 लाख मीट्रिक टन रह गई, जो कि पिछले साल के 62.07 लाख मीट्रिक टन के मुकाबले 10 लाख मीट्रिक टन कम है !
मोदी सरकार ने पहले ही हरियाणा के लिए धान खरीदी की लिमिट 2 लाख मीट्रिक टन काट कर 58 लाख मीट्रिक टन कर दिया, मगर श्रीमान नायब सैनी प्रदेश के किसानों के लिए आवाज उठाने की बजाय “चुटकले रोपने” में लगे रहे…
हरियाणा में किसानों ने अपनी मेहनत और ललक से लगभग 70 लाख टन धान की पैदावार की है और देखा जाए तो करीब 20 लाख मीट्रिक टन धान भाजपा की सरकार ने खरीदा ही नहीं !
प्रदेश के लिए केंद्र से धान खरीदी का कोटा बढ़वाने और समय पर किसानों की धान को MSP पर खरीदी कराने की बजाय… BJP सरकार ने किसानों को लटकाने, भटकाने और सताने में ही पूरा तंत्र लगा दिया !
इससे शर्मनाक बात क्या होगी कि किसानों को अधिक उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने की बजाय, नायब सरकार ने उल्टा जिला लेवल पर प्रति एकड़ धान खरीदी की लिमिट लगा दी !
इतने से ही मन नहीं भरा तो किसान को अपने ही खेत में अपनी ही उपज की कटाई पर शाम से रोक लगा दी और तो और किसान पास की मंडी में अपनी फसल लेकर ना पहुंच जाए इसलिए जिले को बॉर्डर बना दिया !
ऊपर से मंडियों में बदहाली और बदइंतजामी से बार-बार की बारिश में किसानों की मेहनत पानी में बहाई, फिर आपदा में अवसर देखकर 17% नमी की लिमिट लगा के किसानों को प्रति क्विंटल ₹200 तक की चपत अलग से लगवाई !
बाजरे के किसानों को तो भाजपा ने पूरी तरह प्राइवेट लूट के हवाले ही कर दिया… कुल 7.50 लाख मीट्रिक टन बाजरे की आवक में से 7.15 लाख मीट्रिक टन यानी 98.76% बाजरा प्राईवेट में ही बिका !
कुल मिलाकर भाजपा के डबल इंजन ने हरियाणा के किसानों पर “धोखे और अत्याचार का डबल बुलडोजर” चलाया और “खेती-किसानी व MSP सिस्टम” को ही निपटाने का हर हथकंडा आजमाया !
“एक-एक दाना खरीदी का जुमला” देने वाले सूबे के ‘शिगूफा सीएम’ श्रीमान नायब सैनी से हमारी सीधी मांग है कि- तारीख बढ़ाकर हरियाणा के किसानों के धान और बाजरे का एक-एक दाना खरीदा जाए और भावांतर की भी भरपाई की जाए !
