
चंडीगढ़, 28 मई
नौतपा के शुरू होते ही आसमान से बरसती आग और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी को देखते हुए आज मनीमाजरा के सैक्टर-13 स्थित शिवालिक गार्डन में समाजसेवा की एक सुंदर तस्वीर देखने को मिली। यहाँ सुभाष नगर मनीमाजरा के उत्साही युवाओं, युवतियों और महिलाओं ने एकजुट होकर एक विशाल और आधुनिक छबील का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य इस चिलचिलाती धूप में सड़कों पर निकलने वाले लोगों को तत्काल शीतलता और राहत पहुंचाना था।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में मुख्य रूप से अरविंद कुमार, प्रिति, संदीप कुमार उर्फ रवि, विशाल सिरसवाल और जानी-मानी समाजसेविका कमलेश देवी, पुजा राय, प्रित, भाविक, काव्या सहित अन्य गणमान्य साथियों ने अग्रिम भूमिका निभाई और पूरी लगन से सेवा की।
वरिष्ठ सामाजिक प्रतिनिधियों ने थामी सेवा की कमान:
युवाओं के इस सेवा भाव की हौसलाअफजाई करने के लिए मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन (चंडीगढ़) के चेयरमैन सुभाष धीमान और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय विशेष रूप से इस छबील में पहुंचे। दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने न केवल युवाओं की इस पहल को सराहा, बल्कि स्वयं खड़े होकर राहगीरों, चालकों और बच्चों को ठंडा पेय वितरित कर समाज को सेवा का संदेश दिया।
परंपरागत छबील से अलग, ‘लाहोरी जीरे’ से दी गर्मी को मात:
इस छबील की खास बात यह रही कि पारंपरिक मीठे पानी के स्थान पर इस बार लोगों को लाहोरी जीरे और जल जीरे की ठंडी बोतलें वितरित की गईं, जो इस उमस भरी गर्मी में पेट को ठंडक और हाजमे को दुरुस्त रखती हैं। शिवालिक गार्डन के पास से गुजरने वाले सैकड़ों राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने रुककर इस शीतल प्रसाद को ग्रहण किया और आयोजन समिति का सहृदय आभार व्यक्त किया।
उपस्थित समाजसेवियों ने कहा कि नौतपा की इस भयंकर तपन में प्यासे को पानी और राहगीर को शीतलता प्रदान करना ही सबसे बड़ा धर्म है। युवाओं का यह प्रयास अन्य लोगों को भी संकट के इस मौसम में आगे आकर मानव सेवा करने की प्रेरणा देता है।
