
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ ।
हेलो माजरा वार्ड नंबर–20 में स्थित एकमात्र छोटे पार्क की स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों में लंबे समय से रोष और चिंता बनी हुई है। यह पार्क बच्चों, महिलाओं और बुज़ुर्गों के लिए बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में यहां असामाजिक तत्वों द्वारा खुलेआम शराब पीना आम हो गया है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ रहा है।
स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब स्कूल के इन-टाइम और आउट-टाइम के दौरान शरारती तत्व पार्क एवं आसपास मंडराते रहते हैं, जो सीधे तौर पर बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा है।
शाम 6:00 बजे के बाद हेलो माजरा की सड़कों पर हालात और भी चिंताजनक हो जाते हैं, जब रेहड़ी-फड़ी वाले अवैध रूप से रास्तों को घेरकर निकल जाते हैं, जिससे आम नागरिकों, महिलाओं और बुज़ुर्गों का सुरक्षित आवागमन मुश्किल हो जाता है।
इस गंभीर विषय को आज एसपी मैडम के संज्ञान में व्हाट्सएप के माध्यम से लाया गया तथा डीएसपी मैडम को फोन पर विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
डीएसपी मैडम ने पूरे विषय को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट शब्दों में आश्वासन दिया—
“आप बिल्कुल टेंशन न लें, आज के बाद ऐसी स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
डीएसपी मैडम के निर्देश पर हेलो माजरा चौकी इंचार्ज सुनील जी से तुरंत संपर्क किया गया।
चौकी इंचार्ज ने पूरे मामले को शांतिपूर्वक लेकिन गंभीरता से सुना, सभी बिंदुओं को नोट किया और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
स्थानीय नागरिकों एवं समाज के जिम्मेदार लोगों को अब यह अपेक्षा है कि—
पार्क में शराब पीने वालों पर सख़्त और नियमित कार्रवाई होगी
स्कूल समय के दौरान विशेष पुलिस निगरानी सुनिश्चित की जाएगी
शाम के समय पुलिस गश्त (राउंड) बढ़ाई जाएगी
सड़कों को अवैध रूप से घेरने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी
यह प्रेस नोट प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के साथ-साथ जनसुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की सकारात्मक और सक्रिय भूमिका को भी दर्शाता है।
हेलो माजरा के नागरिकों को पूर्ण विश्वास है कि शीघ्र ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था बहाल होगी।
