
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
गुरुग्राम / पटौदी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और समस्त कांग्रेस लीडरशिप के द्वारा जो विश्वास और भरोसा मेरे पर किया गया है, उस विश्वास भरोसे की कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। कांग्रेस पार्टी में जमीनी स्तर पर की गई मेहनत का परिणाम अवश्य मिलता है। फील्ड में रहकर काम करने वाले हर कार्यकर्ता पर कांग्रेस संगठन और लीडरशिप की नजर बनी रहती है। सही समय आने पर , सही जिम्मेदारी भी लीडरशिप के द्वारा सौंप दी जाती है। यह प्रतिक्रिया हरियाणा महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने अपनी नियुक्ति को लेकर विशेष बातचीत के दौरान व्यक्त की।

गौर तलब है कि श्रीमती पर्ल चौधरी जिला ग्रामीण गुड़गांव के जिला अध्यक्ष रह चुके और पटौदी के पूर्व विधायक भूपेंद्र चौधरी की पुत्री है। कांग्रेस नेतृत्व के द्वारा अंतिम समय में पटौदी से विधानसभा चुनाव के लिए पर्ल चौधरी के नाम की घोषणा की गई और उन्होंने भाजपा की विमला चौधरी के मुकाबले बीटा विधानसभा चुनाव पटौदी से लड़ा। इससे पहले आजाद उम्मीदवार के रूप में गुरुग्राम जिला परिषद के चुनाव में भी उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई । सीधे और सरल शब्दों में श्रीमती पर्ल चौधरी अपने स्वर्गीय पिता भूपेंद्र चौधरी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेकर ही सक्रिय राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय हो चुकी है। अपने राजनीतिक अनुभव और कुशलता का परिचय विभिन्न प्रदेशों में उनके द्वारा दिया जा चुका है । श्रीमती पर्ल चौधरी उच्च शिक्षित और सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट भी हैं। उनके पति परमेश रंजन भी आईआईटियन है।
उन्होंने कहा सही मायने में कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी के साथ साथ सवा सौ वर्ष पुरानी जनहित की विचारधारा है। इस विचारधारा को आम जनमानस, दबे, कुचले, पिछड़े ,अपेक्षित वर्ग से किसी भी कीमत पर मिटाना संभव नहीं है । नवनियुक्त महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कांग्रेस की विचारधारा को कांग्रेस समर्थक और कांग्रेस विचारधारा के अनुयायियों के अतिरिक्त हरियाणा प्रदेश में प्रत्येक घर की महिलाओं तक कांग्रेस की विचारधारा को लेकर जाना मुख्य लक्ष्य रखा गया है । सरकार बनाने में आधी आबादी महिलाओं का सबसे अधिक महत्वपूर्ण योगदान रहता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा फिलहाल 25 फरवरी को विधानसभा का घेराव कांग्रेस के द्वारा प्रस्तावित है । विधानसभा का यह कांग्रेस के द्वारा किया जाने वाला घेराव ऐतिहासिक घेराव साबित होगा।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कांग्रेस नेत्री श्रीमती पर्ल चौधरी ने कहा कि महिला सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा महिलाओं के नाम पर सत्ताधारी भाजपा सरकार के द्वारा विभिन्न योजनाएं तो घोषित की गई, लेकिन हकीकत आज सभी के सामने है । हरियाणा प्रदेश की सभी महिलाएं अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है । प्रदेश में कानून व्यवस्था कहीं भी दिखाई नहीं देती है ,अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्राइवेट सेक्टर से लेकर सरकारी स्तर पर भी रोजगार उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे। भाजपा सरकार के द्वारा केवल और केवल आम जनमानस को बरगलाने के लिए नित नई घोषणाएं करने का काम किया जा रहा है । उन्होंने अपनी नई पारी और नई जिम्मेदारी के लिए समस्त कांग्रेस लीडरशिप और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा प्रदेश महिला कांग्रेस नेतृत्व के द्वारा जो जो भी कार्य जारी हैं, उनको और बेहतर तरीके से जारी रखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने का काम किया जाएगा।
डॉ अंबेडकर का संघर्ष मेरे सार्वजनिक जीवन की प्रेरणा

संविधान रचयिता भारतरत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की विचारधारा और उनके द्वारा लिखित संविधान को प्राथमिकता देने वाली नवनियुक्त महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने कहा, भारतरत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की के प्रति भी अपनी कृतज्ञता समर्पित करती हूँ। सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के लिए उनका संघर्ष मेरे सार्वजनिक जीवन की प्रेरणा है। अपने स्वर्गीय पिता, पटौदी से पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री भूपेन्द्र चौधरी जी को नमन करती हूँ। उनके संस्कार, आशीर्वाद और कर्मठता पूर्वक ईमानदारी से जनसेवा की भावना सदैव मेरे साथ है और मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। पटौदी विधानसभा क्षेत्र से 2024 में चुनाव लड़ने का सौभाग्य मुझे मिला। मैं पटौदी की उस पावन मिट्टी को नमन करती हूँ, जहाँ संघर्ष करते हुए मैंने जनसेवा का संकल्प और मजबूत किया। वहीं के संघर्ष, अनुभव और जनता के स्नेह ने मुझे आज इस जिम्मेदारी तक पहुँचाया है। मैं पूर्ण समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने, हरियाणा की महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी आवाज़ को बुलंद करने के लिए कार्य करती रहूँगी
