
मोहाली, 22 फरवरी 2026:
वेव एस्टेट सेक्टर 85, मोहाली में धर्म सेवा समिति मोहाली की ओर से एक प्रभावशाली सर्व धर्म सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर भाईचारे, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सिख धर्म प्रचारक भाई गुरपाल सिंह तिमोवाल, सनातन धर्म से प्रोफेसर गजेंद्र वशिष्ठ तथा आरएसएस मोहाली के जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट विकास ठाकुर ने अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन की भूमिका समाजसेवी हरदेव सिंह उभ्भा ने निभाई। सम्मेलन में पहुंचे सभी धर्म प्रचारकों को आयोजकों द्वारा सम्मानित कर स्वागत किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाई गुरपाल सिंह तिमोवाल जी ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब में आस्था और सम्मान रखने वाला तथा गुरु साहिबानों की शिक्षाओं पर चलने वाला हर व्यक्ति सिख है। उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और उनकी महान शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सिख धर्म सेवा, समानता और मानवता का संदेश देता है।
प्रोफेसर गजेंद्र वशिष्ठ ने अपने संबोधन में कहा कि सर्व धर्म सम्मेलन प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों की मूल शिक्षा मानवता, करुणा और पारस्परिक सम्मान है। भारत विभिन्न धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों का सुंदर गुलदस्ता है, जहां सिख धर्म दृढ़ता और हिंदू धर्म सहिष्णुता का संदेश देता है।
आरएसएस मोहाली के जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट विकास ठाकुर ने कहा कि जात-पात और धर्म के नाम पर होने वाले टकराव को समाप्त करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि यदि हम एकजुट रहेंगे तो कोई भी दुश्मन देश हमारा नुकसान नहीं कर सकता। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
सम्मेलन के दौरान शांति, एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। अंत में चाय, समोसे और गुलाब जामुन का लंगर वितरित किया गया तथा उपस्थित साध संगत का हृदय से धन्यवाद किया गया।
यह सर्व धर्म सम्मेलन समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
