
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
जींद , 9 फरवरी :– ओपीएस,बेरोजगारी,बुजुर्गों की पैंशन एवं अन्य मुद्दों व जन विरोधी नीतियों को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला जींद की कार्यकारिणी की बैठक स्थानीय अर्बन एस्टेट स्थित पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में इनेलो कर्मचारी प्रकोष्ठ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष बलवानसिंह दोदुवा,प्रदेश प्रवक्ता एवं इनेलो के जिलाध्यक्ष विजेन्द्र रेढू ,बीसी सैल के प्रदेश संयोजक जयकुमार पंवार,एससी सैल के प्रदेश प्रभारी वेद मुंडे,इनेलो की पूर्व प्रदेश महिलाध्यक्ष सुमित्रा,प्रदेश महासचिव प्रदीप गिल,जयसिंह कामरेड,दलेल कुण्डू,आजाद गिल ने विशेष तौर से भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता इनेलो कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जयप्रकाश दहिया ने की व मंच संचालन इनेलो के हलका प्रधान सुखजिन्द्र उर्फ पप्पू रेढू ने किया।

बैठक में इनेलो कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला कार्यकारिणी के नये पदाधिकारियों में राम प्रकाश मुदगिल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष,महावीर पिलानिया, प्रदीप खुडनिया,निर्मल लोहान, अतुल कुमार को उपाध्यक्ष, शिवकुमार शर्मा,अंतराम बैरागी, देवेंद्र सांगवान, सुनहरा पटवारी को महासचिव,चिराग कौशिक,श्रीकृष्ण,रामरूप सैनी, श्रीकृष्ण दहिया, बलराज खटकड़ को सचिव, मुकेश सैन को प्रचार सचिव, डॉक्टर रघबीर सिंह को जींद का हल्काध्यक्ष,मुकेश कुमार को सफीदों का हल्काध्यक्ष, मास्टर जयसिंह चहल को जुलाना का हल्काध्यक्ष के पद पर नियुक्त होने पर इन सबका सम्मान स्वरूप फूलमालाओं से अभिनन्दन किया गया। जयप्रकाश दहिया की अगुवाई में कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला जींद की नई कार्यकारिणी का सम्मान करते हुए कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष बलवान सिंह दोदुवा ने कहा कि इनेलो सुप्रीमो अभयसिंह चौटाला के नेतृत्व इनेलो कर्मचारी के संगठन को मजबूत बनाने के लिए यह नई कार्यकारिणी बेहतर ढंग से काम करे और अधिक से अधिक पैंशनर्स को पार्टी के साथ जोडे़। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आय स्रोत व अन्य जटिल नियमों के तहत बुढ़ापा पेंशन में कटौती करते हुए बुजुर्गों का अपमान कर रही है और अब तक लगभग 75000 बुजुर्गों की पेंशन बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल किसी भी सूरत में बुजुर्गों की पेंशन नहीं कटने देगी चाहे इसके लिए कितना भी बड़ा आंदोलन क्यों न करना पड़े। पेंशन कटौती,बेराजगारी एवं अन्य मुद्दों के विरोध में 20 फरवरी को इनेलो अपने अत्यधिक संख्या में कार्यकर्त्ताओं व बुजुर्गों एवं पैंशनर्स के साथ पंचकूला में इकट्ठे होकर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिलाध्यक्ष विजेन्द्र रेढू व बीसी सैल के प्रदेश संयोजक जयकुमार पंवार,एससी सैल के प्रदेश प्रभारी वेद मुंडे समेत रिटायर्ड कर्मचारी नेता जयसिंह धनखड़,जयनारायण जिलेदार,बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला प्रधान बलवान सिंह,महावीर पिलानिया,दयानन्द रेढू़,कृष्ण लाठर,बलराज सिंह,प्रदीप गिल,सुमित्रा,जोरासिंह आर्य,अनन्तराम समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि बीजेपी सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण आज किसान,व्यापारी,दुकानदार, कर्मचारी,पैंशनर्स,मजदूर,पिछडा़ वर्ग,अनुसूचित जाति व जनजाति समेत समाज का हर वर्ग परेशान व हताश है। उन्होंने जननायक स्व०चौ देवीलाल एवं ओमप्रकाश चौटाला के मुख्यमंत्री कार्यकाल को याद करते हुए जन हितैषी नीतियों का व्याख्यान किया। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग एवं आशीर्वाद से इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में जब हरियाणा में इनेलो की सरकार बनेगी तब प्रदेश का हर वर्ग खुशहाल होगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढे़गें। उन्होंने देश व प्रदेश में शिक्षा-चिकित्सा की कमी,बेरोजगारी व मंहगाई के लिए केन्द्रीय एवं हरियाणा सरकार की जन विरोधी नीतियों की कडी़ भर्त्सना की। उन्होंने बीजेपी को पूंजीपतियों की सरकार बताते हुए कहा कि बीजेपी का आम लोगों व गरीबों एवं कमजोर वर्गों के हितों से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने बीजेपी की जन विरोधी नीतियों के इस प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए पैंशनर्स समेत सभी वर्गों के लोगों,महिलाओं व युवाओं का आह्वान किया।

प्रदेश प्रवक्ता विजेन्द्र रेढू ने दावा किया कि सरकार व बीजेपी की जन विरोधी नीतियों से खफा इनेलो सुप्रीमो अभयसिंह चौटाला के नेतृत्व में इस प्रदेश स्तरीय रोष प्रदर्शन में प्रदेश भर से लाखों की संख्या में लोग भाग लेंगें।
