
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
हरियाणा के सहकारी का मंत्री और गोहाना के विधायक डॉक्टर अरविंद शर्मा 4 दिसंबर को गोहाना और सोनीपत सहकारी चीनी मिलों के पेराई सीजन का उद्घाटन करेंगे।
दीगर बात यह है कि डॉक्टर अरविंद शर्मा जिस गोहाना सहकारी चीनी मिल की पेराई का मंत्री के तौर पर पहली बार उद्घाटन करेंगे उसे स्थापित करने की मांग उन्होंने उस वक्त की थी जब वह 1996 में सोनीपत के सांसद बने थे ।
गोहाना के बहुत लोगों को पता है कि 1996 में तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल जुलाई महीने में गोहाना रेस्ट हाउस में पहुंचे तो डॉक्टर अरविंद शर्मा ने उनसे गोहाना में सहकारी चीनी मिल लगाने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई थी। लेकिन उस समय चौधरी बंसीलाल ने मिल लगाने की संभावना से साफ इनकार कर दिया था। उनका कहना था कि गोहाना में चीनी मिल लगा तो फिर सोनीपत चीनी मिल पर असर पड़ेगा इसलिए गोहाना में चीनी मिल लगाना उचित नहीं है। इसके विपरीत 1999 में मुख्यमंत्री बने ओमप्रकाश चौटाला ने इस मिल को लगाने में गहरी रुचि दिखाई और इसका निर्माण कार्य डेढ़ साल में ही पूरा करके दिखाया। 4 दिसंबर को डॉक्टर अरविंद शर्मा जब गोहाना शुगर मिल की पेराई का उद्घाटन करेंगे तो इस क्षेत्र के किसान निश्चित तौर पर उन्हें इसके निर्माण में योगदान के लिए श्रेय देना चाहेंगे।
