ठेकेदारी व आउटसोर्सिंग प्रथा खत्म कर वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को नियमित करे हरियाणा सरकार : राजबीर भारतीय
युवाओं के लिए समयबद्ध भर्ती, किसानों को फसल का उचित मूल्य और हिसार की मूलभूत समस्याओं के समाधान की भी उठाई मांग:
दक्ष दर्पण
हिसार।
हिसार में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे ऑल इंडिया अम्बेडकर महासभा (रजि.) चंडीगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाते हुए कहा कि स्थायी प्रकृति का काम करने वाले कर्मचारियों को वर्षों तक ठेकेदारी और आउटसोर्सिंग व्यवस्था में रखना उचित नहीं है। सरकार स्थायी जरूरत वाले कार्यों के लिए नियमित पद सृजित कर भर्ती करे और वर्षों से सेवाएं दे रहे पात्र कर्मचारियों के लिए नियमितीकरण की समयबद्ध नीति बनाए।

राजवीर सिंह भारतीय।
राजबीर भारतीय ने कहा कि सफाई सैनिकों, डोर-टू-डोर कचरा कर्मचारियों, ड्राइवरों, सीवर कर्मचारियों, माली, पानी व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के साथ-साथ डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, शिक्षक, प्रोफेसर और तकनीकी स्टाफ सहित अनेक कर्मचारी वर्षों से आवश्यक एवं स्थायी प्रकृति की सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को रोजगार की स्थिरता, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा मिलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि “काम पक्का, कर्मचारी कच्चे क्यों?” यह सवाल केवल कर्मचारियों का नहीं, बल्कि रोजगार की गरिमा और सामाजिक न्याय से जुड़ा विषय है। ठेकेदारी व्यवस्था में काम करने वाले कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआई सहित सभी वैधानिक सुविधाएं प्रभावी रूप से मिलें तथा समान प्रकृति के कार्य के लिए उचित एवं पारदर्शी वेतन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
युवाओं को रोजगार मिले, भर्ती में देरी से भविष्य प्रभावित न हो
राजबीर भारतीय ने कहा कि लंबे समय से भर्तियां लंबित रहने और नई भर्ती प्रक्रिया पर्याप्त गति से आगे न बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने, लंबित भर्तियों को शीघ्र पूरा करने तथा भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण पात्र उम्मीदवारों के ओवरएज होने की स्थिति में नियमानुसार राहत देने की मांग की।
किसानों को उचित मूल्य और बढ़ती लागत से राहत मिले
उन्होंने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित एवं लाभकारी मूल्य, समय पर खरीद और भुगतान सुनिश्चित होना चाहिए। खाद, बीज, डीजल, सिंचाई, बिजली और कृषि उपकरणों की बढ़ती लागत किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ा रही है। सरकार को उत्पादन लागत कम करने और किसानों की आय व आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
हिसार की मूलभूत सुविधाओं पर भी हो विशेष ध्यान
राजबीर भारतीय ने कहा कि हिसार में पेयजल, सीवरेज, जल निकासी, सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पार्क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वार्ड एवं क्षेत्रवार समस्याओं की समीक्षा कर समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए। आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जवाबदेह और प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।
हिसार में सीताराम के साथ मिलकर जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे
इस अवसर पर हिसार के सामाजिक कार्यकर्ता सीताराम ने भी युवाओं, किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर राजबीर भारतीय के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। राजबीर भारतीय ने कहा कि इन सभी जनसमस्याओं को जिला प्रशासन, नगर निगम, संबंधित विभागों और हरियाणा सरकार के समक्ष रखा जाएगा तथा समाधान होने तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया अम्बेडकर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राकेश बहादुर और हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष बहन रीना गावस्कर वाल्मीकि के मार्गदर्शन में संगठन सामाजिक न्याय, समानता, रोजगार, शिक्षा और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।
राजबीर भारतीय ने कहा कि युवा को रोजगार, किसान को फसल का उचित मूल्य, मजदूर को सम्मान, कर्मचारी को रोजगार की सुरक्षा और आम नागरिक को मूलभूत सुविधाएं मिलना जनहित की प्राथमिकता है। इन्हीं मुद्दों को लेकर महासभा जनता के साथ मिलकर अपनी आवाज संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी।

सीता राम
