
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ ।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल में आज जिला शिक्षा अधिकारी व डाइट प्राचार्य डॉ. विजय लक्ष्मी के मार्गदर्शन व जनसंख्या शिक्षा प्रकोष्ठ एस.सी.ई.आर.टी. गुरुग्राम के सौजन्य से खंड स्तरीय रोल प्ले और फोक डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल के प्रिंसिपल श्री रविंद्र शर्मा जी द्वारा प्रतियोगिता की व्यवस्था की गई। मंच संचालन श्री बीरबल सिंह प्राध्यापक द्वारा किया गया। डाइट कैथल से जिला संसाधन इकाई के प्रभारी डॉ. राज कुमार ने प्रतियोगिता शुरू होने से पहले प्रतियोगिता संबंधी दिशा निर्देश विस्तार पूर्वक साझा किये। इस प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने भाग लिया। रोल प्ले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टी अफगान प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दीवाल द्वितीय और राजकीय उच्च विद्यालय, छौत तृतीय स्थान पर रहा। फोक डांस प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंदाना द्वितीय व राजकीय माध्यमिक विद्यालय, हुड्डा-19 कैथल तृतीय स्थान पर रहा। रोल प्ले प्रतियोगिता के मुख्य थीम पौष्टिक भोजन, व्यक्तिगत सुरक्षा, इंटरनेट गैजेट और मीडिया साक्षरता, मादक द्रव्यों का सेवन एवं इसके कारण एवं निवारण रहे। फोक डांस प्रतियोगिता के मुख्य थीम लड़कों और लड़कियों के लिए समान अवसर, बाल विकास में संयुक्त परिवार की भूमिका, पर्यावरण की सुरक्षा और मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम रहे। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली हुई बुराइयों को रोल प्ले और फोक डांस के माध्यम से प्रदर्शित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के संचार कौशल को समृद्ध करना है। डी.आर.यू. की इंचार्ज ने इस तरह की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित किया व खंड स्तर पर प्रथम व द्वितीय विजेता टीमों के अध्यापकों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए व्हाट्सएप ग्रुप से भी जोड़ा गया। निर्णायक मंडल में ममता रानी, मीना रानी व श्री बीरबल सिंह ने अहम भूमिका निभाई। खंड शिक्षा अधिकारी कैथल के कार्यालय से श्री सुखवीर सिंह ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्ण आयोजित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।
