
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़: साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत प्रौढ शिक्षार्थियों का राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय करसान चंडीगढ़ में स्वागत किया गया । ये सब प्रौढ शिक्षार्थी परीक्षा देने आए थे । बहुत ही उत्साह और उमंग से सराबोर परीक्षा देने आए प्रौढ उम्मीदवारों का स्कूल के मुख्याध्यापक डॉ.धर्मेन्द्र शास्त्री, नोडल ऑफिसर सुखदेव सिंह, वरिष्ठ अध्यापिका मञ्जीत कौर सहित अन्य टीचर्स ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया ।
जब इनसे हमने बात की तो इनके मन में एक उल्लास था कि अब उन्हें कोई अनपढ़ नहीं कहेगा । अब वो अंगूठा नहीं लगाएंगे बल्कि हस्ताक्षर कर सकेंगे। प्रौढ शिक्षार्थियों ने चण्डीगढ शिक्षा विभाग का साक्षरता कार्यक्रम चलाने के लिए आभार व्यक्त किया । उन्होंने खुशी जाहिर की कि शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस साक्षरता कार्यक्रम से अब उनके शहर/राज्य चण्डीगढ में कोई अनपढ नहीं रहेगा । पढेगा भारत तभी तो आगे बढेगा भारत।
डॉ.धर्मेन्द्र शास्त्री ने बताया कि इस तरह का आयोजन इतने बड़े स्तर पर पहली बार किया गया । ना केवल शिक्षार्थी उत्साह से भरे हुए थे बल्कि वालंटियर टीचर्स भी पूर्ण उत्साह और उमंग से भरे नजर आए । जिन परीक्षार्थियों को घर से आने जाने में परेशानी थी उन्हें वालंटियर टीचर्स अपनी गाड़ी में बैठाकर स्कूल तक लाए और परीक्षा समाप्त होने पर सुरक्षित घर तक पहुंचाया । आज कुल 200 शिक्षार्थियों में से राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय करसान चण्डीगढ में बने परीक्षा केंद्र में भारी संख्या में 195 प्रौढ परीक्षा देने पहुंचे थे । परीक्षा केंद्र पर सभी प्रौढ परीक्षार्थियों के लिए खाने पीने की व्यवस्था भी की गई थी ।
