
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़ ।
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभ्भा ने जालंधर में हुए बम विस्फोट के मामले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा दिए गए बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान गैर-जिम्मेदाराना और आतंकवादी ताकतों के हौसले बढ़ाने वाला है।
उभ्भा ने कहा कि जहां पंजाब के डीजीपी इस घटना को आतंकवादी कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं और जांच एजेंसियां भी इसे गंभीरता से ले रही हैं, वहीं मुख्यमंत्री द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए गलत बयानबाजी करना बेहद दुखद और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीतिक रोटियां सेंकने के बजाय सरकार को पंजाब की अमन-शांति और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। मुख्यमंत्री के बयान से न केवल लोगों में भ्रम पैदा होता है, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के मनोबल पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।
हरदेव सिंह उभ्भा ने कहा कि भाजपा पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति से कोई समझौता नहीं होने देगी और ऐसे मामलों पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। उभ्भा ने कहा कि भगवंत मान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और पंजाब का हर वर्ग इस सरकार से दुखी है।
