
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
हिसार जिले में उकलाना में नगर परिषद चुनाव में कुलदीप समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी के हाथों हारी भाजपा की प्रत्याशी को लेकर बेशक भारतीय जनता पार्टी मंथन में जुट गई है लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि क्षेत्र के लोगों का यह वह गुस्सा है जो उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को लेकर की गई सांसद रेखा शर्मा के बयान से सीधा ताल्लुक रखता है ।बेशक इस चुनाव में कुलदीप बिश्नोई ने प्रचार नहीं किया परंतु जब वह देश में ही नहीं थे तो इसका कोई मतलब ही नहीं निकाला जा सकता लेकिन यह जरूर है कि रीमा सोनी को जिताने का काम कुलदीप समर्थक कार्यकर्ताओं ने अपने हाथ में ले रखा था। धीरे से दिया गया यह बड़ा झटका कहा जा सकता है। आप यह मान कर चल सकते है कि उकलाना सहित हिसार क्षेत्र में सभी जगह चौधरी भजनलाल के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद है। उकलाना में हाल के लोकल बॉडी चुनाव में अध्यक्ष पद की कुलदीप बिश्नोई समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार रोमी सोनी ने भाजपा की अध्यक्ष पदकी उम्मीदवार को 4806 मतों के अंतर से हराया है।

सांसद रेखा शर्मा के खिलाफ कोर्ट पहुंच गए हैं
चंद्र मोहन।
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कुलदीप बिश्नोई क्या फैसला लेंगे ,अभी कुछ निश्चित नहीं है लेकिन 3 जून को स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की पुण्यतिथि के अवसर पर संभव है वह कोई निर्णायक फैसला ले भी लें। कुलदीप बिश्नोई भाजपा में ही रहने, फिर से राजनीतिक दल का गठन करने और कांग्रेस में शामिल होने जैसे किसी एक फैसले पर निर्णायक घोषणा कर सकते हैं। उनके तेवर बता रहे हैं कि वह यूं ही चुप बैठने वाले नहीं है। उधर कुलदीप बिश्नोई के बड़े भाई चंद्र मोहन ने भी सांसद रेखा शर्मा के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने चौधरी भजनलाल को लेकर की गई टिप्पणी को आधार बनाकर पंचकूला कोर्ट में सिविल और क्रिमिनल दोनों मुकदमे दायर कर दिए हैं।
