
गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
विदेश में बैठे गैंगस्टर्स लगातार उत्तर भारत के नामी व्यापारियों को फोन पर फिरौती और जान से मारने की धमकी के संदेश भेजकर डरा रहे हैं. शनिवार को हरियाणा राज्य के सोनीपत शहर से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां न्यूट्रीशन नाम के फूड सप्लीमेंट का व्यापार करने वाले वीरेंद्र पहल से रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय गैंगस्टर महेंद्र डेलाना ने फोन पर संदेश भेजकर दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी और ना देने पर जान से मारने की धमकी दी और उसके व्यापार को चौपट करने की बात भी कही गई. हरियाणा पुलिस के डीजीपी ओपी सिंह अपने बयानों में लगातार विदेशों में बैठे गैंगस्टर्स को धमकाने का काम कर रहे हैं और उनको कायर बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ विदेशों में बैठे गैंगस्टर्स हरियाणा में नामी व्यापारियों को फोन पर धमका रहे हैं और उसने फिरौती मांग रहे हैं. पहले सोनीपत शहर के गोहाना में गैंगस्टर्स ने मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग करवाई और कई व्यापारियों से फिरौती मांगी, अब सोनीपत के बहालगढ़ चौक पर स्थित पहल न्यूट्रीशन नाम के फूड सप्लीमेंट व्यापारी वीरेंद्र को एक विदेशी नंबर से संदेश मिला. रोहित गोदारा गैंग व्यापारी से 2 करोड़ की फिरौती की मांग कर रहा है और ना देने की एवज में उसे जान से मारने की धमकी दी गई. इस धमकी के बाद पहल न्यूट्रीशन के मालिक वीरेंद्र पहल और मोहन पहल की नींद उड़ी हुईं है और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई है. व्हाट्सएप संदेश में रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय गैंगस्टर महेंद्र डेलाना की आवाज सुनाई दे रही है. वीरेंद्र पहल ने इस मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को जरूर दी है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में कुछ भी बयान देने से बचते हुए नजर आ रहे हैं. सोनीपत के गांव गुमड के रहने वाले दो भाइयों ने लॉकडाउन में पहल न्यूट्रीशन नाम से एक फूड सप्लीमेंट के व्यापार की शुरुआत की थी और आज इन दोनों भाइयों की पहल न्यूट्रीशन नाम से करीब 130 स्टोर की चैन बन चुकी है. अब विदेश में भी इनका व्यापार फैलना शुरू हुआ ही था कि विदेशों में बैठे गैंगस्टर्स इन व्यापारियों से फिरौती मांग रहे हैं और इनको धमकी दे रहे हैं. शिकायत देने के बावजूद सोनीपत पुलिस की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है और ना ही वीरेंद्र पहल को कोई सुरक्षा प्रदान की गई है.
