
जयवीर सिंह
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
सोनीपत, 29 दिसंबर । सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए सेफ इंडिया फाउंडेशन द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में “भंडारा अब पढ़ाई के सामान का” सेवा अभियान के अंतर्गत 689 जरूरतमंद बच्चों को जर्सी, जूते, जुराब व टोपी वितरित की गई। इस अवसर पर जिले के 63 सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को आमंत्रित किया गया, जिन्हें जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया की अगुवाई में यह सामग्री सौंपी गई, ताकि जरूरतमंद बच्चों तक यह सहयोग पहुंच सके। संस्था के प्रधान संजय सिंगला एवं चेयरमैन वाईके त्यागी ने बताया कि सेफ इंडिया फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से समाज के वंचित वर्गों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। सर्दी के इस मौसम में बच्चों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इससे पूर्व पिछले सप्ताह संस्था द्वारा बधिर बच्चों के स्कूल में 72 बच्चों को भी जर्सी, जूते व जुराब वितरित किए गए थे। कार्यक्रम में सतीश ठेकेदार, सोहन लाल जिंदल, संदीप बत्रा, सुरेंद्र मदान, सरदार मोहन सिंह मनोचा, सरदार जसविंदर सिंह, अनिल धनखड़, राठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य बच्चों के जीवन में आत्मविश्वास, खुशी और सकारात्मक सोच पैदा करते हैं। संस्था ने समाजसेवियों से अपील की कि यदि वे किसी जरूरतमंद बच्चे की सहायता करना चाहते हैं तो सेफ इंडिया फाउंडेशन से संपर्क कर इस पुण्य कार्य में सहभागी बन सकते हैं। संस्था ने इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का धन्यवाद व्यक्त किया।
