
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
इस बार बिहार का विधानसभा चुनाव लगातार रोचक होता जा रहा है। इसके एक दो नहीं कई कारण है ।ऐसा लगता है कि प्रदेश में सत्तारूढ़ दल बैक फुट पर हैं और भारतीय जनता पार्टी ने स्थिति को देखते हुए इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकने का फैसला कर लिया है।
चुनाव प्रचार को प्रभावी और ठोस दिशा देने के लिए भाजपा ने हरियाणा के अपने सभी विधायकों को बिहार जाकर चुनाव प्रचार करने के आदेश दे दिए हैं। बिहार की राजनीति भी जाति आधारित मानी जाती है इसीलिए यह स्थिति भी बन सकती है कि हरियाणा के विधायकों को जाति समीकरण साधने के विचार को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारियां सौंपी जाएं।
हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने भी इस बात की पुष्टि की है कि हरियाणा की भाजपा के सभी विधायक बिहार में चुनाव प्रचार करने जा रहे हैं।
बिहार के चुनाव को लेकर विश्लेषक तरह-तरह के दावे कर रहे हैं इनमें एक बात यह भी सामने आ रही है कि भारतीय जनता पार्टी के लिए यह चुनाव लगातार करो या मरो की स्थिति पैदा करता दिख रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी बिहार चुनाव में निर्णायक भूमिका में नजर आ सकते हैं। वह एक बार पहले बिहार जा चुके हैं।
