
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
पटौदी । भारतीय सनातन संस्कृति में विभिन्न त्योहार का अपना ही एक विशेष महत्व है। जितने भी त्यौहार मनाए जाते हैं , ऐसे सभी त्योहारों के केंद्र में कोई ना कोई देवी देवता अवश्य श्रद्धालुओं का केंद्र बना होता है। इसी प्रकार से गणेश महोत्सव का भी भारतीय सनातन संस्कृति में एक विशेष महत्व और लोगों की श्रद्धा बनी हुई है।

देशभर में गणेश महोत्सव के उपलक्ष पर विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग प्रकार से गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं के द्वारा प्रतिदिन गणेश दर्शन और भव्य आरती की जाती है। गणेश जी के विषय में एक मान्यता अनादि काल से चली आ रही है कि वह सभी देवताओं में सबसे पहले पूज्य देवता हैं। सभी प्रकार के कष्ट अथवा विघ्नहरने वाले गणेश जी ही माने गए हैं। बदलते समय के साथ गणेश प्रतिमाओं के बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मौजूदा समय में कहीं ना कहीं पर्यावरण के लिए अनुकूल नहीं मानी जाती। पर्यावरण प्रेमी और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए अब गणेश प्रतिमाओं का स्वरूप भी पर्यावरण संरक्षण के अनुकूल होने लगा है।
पिछली शाम को पटौदी के ऐतिहासिक राम मंदिर में ही बनाए गए पानी के एक छोटे से कुंड में गणेश प्रतिमा का मंत्र उच्चारण के बीच विधि विधान के साथ विसर्जन करते हुए विदाई दी गई। इससे पहले गणेश प्रतिमा को श्रद्धालुओं के द्वारा भव्य तरीके से सजाकर गाजे बाजे के साथ पटौदी के विभिन्न बाजार मोहल्ले और मार्केट तथा गलियों में नगर परिक्रमा करवाते हुए शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं की उमंग और उत्साह डीजे की धुन और भक्ति गीतों पर उनको नाचे और झूम के लिए मजबूर बनाए रही। इस मौके पर विशेष रूप से राम मंदिर कमेटी तथा गणेश महोत्सव आयोजन समिति के गोपाल वधवा, लीला हिंदुजा, चंचल असिजा, पायल असीजा, सनी, कुमकुम, अंजू छाबड़ा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
राम मंदिर परिसर में पहुंचने पर यहां आचार्य अथवा मुख्य पुजारी के द्वारा भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की मंत्र उच्चारण और विधि विधान के साथ में विशेष पूजा अर्चना की गई। जहां मौजूद श्रद्धालुओं के द्वारा सामूहिक रूप से भगवान श्री गणेश से सभी के मंगल की कामना की गई । तत्पश्चात मंदिर परिसर में ही बनाए गए पानी के कुंड में गणेश जी की प्रतिमा को विसर्जन और अंतिम विदाई के मौके पर उपलब्ध सभी श्रद्धालुओं के द्वारा गणपति बप्पा मोरया- गणपति बप्पा मोरया जैसे जय घोष के गुलाल उड़ाकर गणपति बप्पा को विदाई दी गई।
