
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल (कृष्ण प्रजापति): प्रजापति धर्मशाला सभा कुरुक्षेत्र के पूर्व प्रधान एवं ऑल इंडिया प्रजापति पॉलिटिकल फेडरेशन के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव दर्शन लाडवा ने कहा कि आज की पीढ़ी अपने इतिहास, संस्कृति और धर्मग्रंथों को जानने के लिए टीवी और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री से जुड़ जाती है। ठीक उसी तरह अगर संविधान को भी धारावाहिक या डॉक्यूमेंट्री के रूप में प्रस्तुत किया जाए, तो लोग अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अधिक जागरूक हो सकेंगे।
दर्शन लाडवा ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान जब टीवी पर रामायण और महाभारत का पुनः प्रसारण किया गया, तो हर वर्ग के लोग, बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, उसे बड़े उत्साह से देखने लगे। इससे यह साफ जाहिर होता है कि टीवी और मीडिया के माध्यम से समाज तक गहरे संदेश पहुंचाए जा सकते हैं, इसलिए यह बेहद जरूरी है कि संविधान जैसी महत्वपूर्ण दस्तावेज को भी जन-जन तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी किताब नहीं है, बल्कि यह भारत के हर नागरिक का जीवन-दर्शन है। इसमें न केवल मौलिक अधिकारों की बात कही गई है, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी उल्लेख है। यदि लोग संविधान के अनुच्छेदों और प्रावधानों से परिचित होंगे, तो वे अन्याय, शोषण और भेदभाव के खिलाफ खड़े होने की हिम्मत जुटा पाएंगे। प्रधान दर्शन लाडवा ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लोग अपने हक और अधिकारों से अनजान हैं। यही वजह है कि अक्सर गरीब और वंचित तबकों के साथ अन्याय हो जाता है। यदि संविधान की शिक्षा को टीवी पर प्रसारित किया जाए, तो आमजन, खासकर युवाओं और विद्यार्थियों को अपने अधिकारों की जानकारी मिलेगी। यह लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का कार्य होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार, शिक्षा विभाग और मीडिया सभी द्वारा मिलकर इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में संविधान पर आधारित विशेष कक्षाओं का आयोजन होना चाहिए और टीवी चैनलों पर संविधान पर आधारित धारावाहिक, परिचर्चा और डॉक्यूमेंट्री नियमित तौर पर प्रसारित होनी चाहिए। दर्शन लाडवा ने अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को संविधान पढ़ने और समझने की आदत डालनी चाहिए, क्योंकि यही हमें बराबरी, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि जिस दिन समाज संविधान को गहराई से समझ लेगा, उस दिन भ्रष्टाचार, अन्याय और भेदभाव अपने आप खत्म हो जाएंगे।
