राजेन्द्र कुमार होटला
दक्ष दर्पण सोहना।
गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए छत पर पानी की व्यवस्था को लेकर जख्खोपुर के पार्षद एडवोकेट मुकेश कुमार ( मोगली) ने कहा है कि हर साल गर्मी के मौसम में कई पशु-पक्षी प्यास और हिट स्ट्रोक का शिकार होकर जीवन खो देते हैं। सभी अपने घर-आफ़िस की छत पर, बालकनी में पक्षियों के लिए पानी का प्रबंध करें। इससे गर्मी के कारण पक्षियों की होने वाली मौत में कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि हम बेजुबानों की भाषा समझ नहीं पाते हैं। लेकिन उन्हें भी कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें भी जीने के लिए खाना-पानी और अच्छे वातावरण की जरूरत होती है। प्रकृति ने पक्षियों का शरीर इस तरह बनाया है कि वे गर्मियों का सामना कर सकें। उन्हें पसीना नहीं आता। हालांकि तापमान बढ़ने पर पक्षियों को भी मदद की ज़रूरत होती है। साथ ही कहा कि सभी घरों की छत पर प्रतिदिन पानी भरकर रखें और पक्षियों को नया जीवन दें। उन्होंने वार्ड वासियों से आग्रह किया कि सभी अपने-अपने घरों के छत, बालकनी में मिट्टी के बर्तन में ही पानी-दाना रखें। मिट्टी के बर्तन में पानी रखना सबसे अच्छा होता है।

