
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
(पॉलिटिकल डेस्क) चंडीगढ़।
हरियाणा में विधानसभा के चुनाव सिर पर हैं ।चुनाव आयोग ने चुनाव कराने की तैयारी शुरू कर दी हैं। ऐसे में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी को लेकर लोग अब यह सवाल करते देखे जाने लगे हैं कि देखना यह है कि हरियाणा में अगला विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी खुद लड़ेगी या लोकसभा के चुनाव की तरह पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ही लड़ते नजर आएंगे। यह एक पहेली नहीं है बल्कि हकीकत है। बताया जा रहा है कि अगले विधानसभा चुनाव में टिकटों के बंटवारे के समय एक बार फिर मनोहर लाल ही निर्णायक रहने वाले हैं ।कम से कम सिरसा जिले में कुछ ऐसा ही नजर आ रहा है। करनाल लोकसभा क्षेत्र में तो किसी और के हस्तक्षेप का सवाल ही पैदा नहीं होता।
सब जानते हैं कि अलग पार्टी के सर्वे सर्वा होते हुए विधायक गोपाल कांडा मनोहर लाल के उतने ही चहेते और नजदीकी है जितने पूर्व मंत्री विनोद शर्मा ।यह दोनों नेता बेशक भाजपा में नहीं हैं लेकिन मनोहर लाल के कारण उनकी भाजपा में भी खुली खुलती है बंधी बंधती है।
आपको राज की बात बताएं कि जब चौधरी रणजीत सिंह को हिसार से लोकसभा का टिकट दिया तो लोग यह नहीं समझ पा रहे थे कि पार्टी हिसार में बाहर से उम्मीदवार लेकर क्यों आई है। लेकिन इसके पीछे की केमिस्ट्री और थी। वह यह कि मनोहर लाल गोपाल कांडा के बीच में सिरसा की राजनीति को लेकर एक अंडरस्टैंडिंग बन गई थी जो अब भी कायम है।

इस अंडरस्टैंडिंग में मोटे तौर पर यह योजना बनाई गई थी कि सिरसा जहां विधानसभा के चुनाव में 1996 के बाद कमल नहीं खिल पाया है वहां पांचो सीटों पर भाजपा और हलोपा मतलब मनोहर लाल और गोपाल कांडा मिलकर उम्मीदवार तय करेंगे ।मतलब यह तय होगा कि किन सीटों पर हलोपा लड़ेगी और किन पर भाजपा। मोटे तौर पर योजना यह थी कि रानियां के विधायक रणजीत सिंह को तो हिसार से चुनाव लड़ाकर सांसद बना दिया जाए और गोपाल कांडा के भाई गोविंद कांडा को भाजपा की टिकट पर रनिया से विधानसभा का चुनाव लड़ाया जाए लेकिन रणजीत सिंह चुनाव हार गए और अब फिर रानियां में ही चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं।
लेकिन भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए रणजीत सिंह की रानियां से टिकट काटी भी जा सकती है और यह टिकट गोविंद कांडा को दी जा सकती है। लेकिन अब स्थिति बदल गई है यदि रणजीत सिंह नहीं माने तो गोविंद कांडा को फतेहाबाद से भी चुनाव लड़ाया जा सकता है। यहां भाजपा के सिटिंग एमएलए दूड़ा राम की टिकट काटी जा सकती है।लेकिन इससे कुलदीप बिश्नोई निश्चित तौर पर नाराज होंगे । परंतु बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी अगले चुनाव में कुछ सिटिंग एमएलए की टिकट बड़ी निर्दयता पूर्वक काटेगी।
अब देखना यह है कि भारतीय जनता पार्टी और हलोपा का चुनावी ताल मेल कैसे बन पाएगा ।पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायब सैनी भी गोपाल कांडा से मिले और उन्होंने उनके घर ही ब्रेकफास्ट किया। बाद में उन्होंने बयान दिया कि अगले चुनाव में भाजपा और हलोपा एक दूसरे के साथ नजर आएंगे। इस खबर से सिरसा जिले में भाजपा के कई नेताओं की नींद उड़ सकती है।
अब समस्या यह है कि सिरसा से निश्चित तौर पर गोपाल कांडा ही चुनाव लड़ेंगे और वह अपने भाई गोविंद कांडा के अलावा एक दो और अपने पसंदीदा उम्मीदवार को मैदान में उतारने की कोशिश करेंगे ।ऐसे में भारतीय जनता पार्टी की टिकट चाहने वाले उम्मीदवारों के लिए सिरसा से चुनाव लड़ना कठिन हो जाएगा। यहां कई लोग भाजपा की टिकट के लिए प्रयास कर रहे हैं ।इन में जगदीश चोपड़ा के पुत्र अमन चोपड़ा पूर्व गवर्नर गणेश लाल के पुत्र मनीष गोयल भाजपा की टिकट पर पहले भी चुनाव लड़ चुके प्रदीप रातूसरिया शामिल हैं। बताते हैं कि पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी ने दो सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की योजना को लेकर गोपाल कांडा को मना लिया है। यहां उम्मीदवार भी तय कर लिए गए हैं। मोटे तौर पर यह माना जा रहा है कि डबवाली से एक बार फिर आदित्य देवीलाल चुनाव लड़ने वाले हैं वह जनसंपर्क में जुट भी गए हैं। उधर भारतीय जनता पार्टी ऐलनाबाद से मीनू बेनीवाल को मैदान में उतरने की तैयारी में है। कुल मिलाकर इस बार सिरसा में रोचक मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी सिरसा में कमल खिलाने की योजना बड़े स्तर पर बनाने में लगी हुई है जो उसके लिए बहुत बड़ी चुनौती है।
