
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
गुरूग्राम, 17 जून।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 18 जून को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित होने वाले किसान सम्मेलन के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 17वीं किस्त जारी करेंगे। कार्यक्रम के सीधे प्रसारण से किसानों को जोडऩे के लिए कृषि विभाग द्वारा जिला मुख्यालय पर शाम 4.00 बजे से 7.00 बजे से अपैरल हॉउस में किसानों को एकत्रित करके लाईव प्रसारण के साथ जोड़ा जाएगा। इसके साथ साथ खंड स्तर पर एकत्रित होने वाले किसानों के लिए भी लाइव प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई है।
कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. अनिल तंवर ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि भारत सरकार की किसान हितैषी प्रमुख योजना है जो कि फरवरी 2019 में माननीय प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा पात्र भूमि धारक किसानों को प्रति वर्ष 6000 रूपये की वितीय सहायता प्रदान करने के लिए शुरू की गई थी। यह योजना न केवल किसानों की आय में वृद्धि कर रही है बल्कि उनकी आजीविका को सुरक्षित बना रही है। सरकार का उदेश्य है कि हर पात्र किसान को इस योजना का लाभ मिले और उनके जीवन स्तर में सुधार हो। यह हर्ष का विषय है कि जिला गुरूग्राम में अब तक इस योजना के तहत करोड़ों रूपये सीधा पात्र किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से स्थानांतरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला में ऐसे पात्र किसान लाभार्थियों की संख्या 31 हजार 226 है।
डॉ तंवर ने ज़िला के किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस मौक़े पर अधिक से अधिक संख्या में जुड़े ताकि वे कृषि संबंधित नवीनतम योजनाओं और तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।
