
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ कांग्रेस पार्टी ने संसदीय चुनाव के अपने अधिसंख्य उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करती कर दी है परंतु करनाल में होने वाले विधानसभा के उपचुनाव के लिए अभी उम्मीदवार का नाम आना बाकी है। लोग बड़ी उत्सुकता से इस नाम की प्रतीक्षा कर रहे हैं। करनाल में उपचुनाव के लिए कई उम्मीदवार हैं। इनमें त्रिलोचन सिंह, इंद्री के पूर्व विधायक भीमसेन मेहता, पूर्व विधायक श्रीमती सुमिता सिंह और पूर्व विधायक जयप्रकाश गुप्ता के नाम शामिल है। कुछ लोग यह मानकर भी चल रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी छोड़ने का ऐलान कर चुके मनोज वधवा को भी कांग्रेस की टिकट मिल सकती है लेकिन मौजूदा चुनाव में जिस तरह से कांग्रेस के प्रति लोगों का झुकाव और रुझान बढ़ रहा है उसे देखते हुए पार्टी कांग्रेस के अपने मौजूदा उम्मीदवारों में से ही किसी को टिकट देगी। आमतौर पर यह माना जा रहा है कि पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ 2019 में चुनाव लड़ चुके सरदार त्रिलोचन सिंह को ही चुनाव लड़ाने का फैसला कर सकती है। इसके पीछे का आधार यह है कि इससे कांग्रेस पूरे प्रदेश में सिक्ख मतदाताओं की सहानुभूति बटोर सकेगी और उन्हें हलके के पंजाबी मतदाताओं का सर्वाधिक सहयोग भी मिलेगा। लोकसभा में दिव्यांशु बुद्धिराजा को टिकट दिए जाने के बाद करनाल में पंजाबी समुदाय कांग्रेस के प्रति कृतज्ञता महसूस कर रहा है ।त्रिलोचन सिंह करनाल में पंजाबी समुदाय के लोगों में काफी लोकप्रिय नेता हैं। यहां ज्यादातर लोग यही मान कर चल रहे हैं कि उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार सरदार त्रिलोचन सिंह ही होंगे क्योंकि वह सबसे ज्यादा स्वीकार्य जुझारू और कर्मठ
नेता के रूप में जाने जाते हैं। वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा ही नहीं पार्टी के प्रभारी दीपक बाबरिया के भी विश्वास पात्र हैं। आजकल में करनाल उप चुनाव के उम्मीदवार की घोषणा भी होने वाली है। मुख्यमंत्री नायब सैनी भाजपा उम्मीदवार के रूप में करनाल से चुनाव लड़ रहे हैं। करनाल के कई विधानसभा क्षेत्र में सिक्खों की अच्छी खासी आबादी है।
