–खाप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिए गए फैसले
-अध्यक्ष संदीप नेहरा गठित करेंगे पांच सदस्यीय कमेटी
–संदीप नेहरा की विधिवत रूप से होगी ताजपोशी
गुरुग्राम (31 अक्टूबर)। नेहरा खाप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि खाप के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप नेहरा द्वारा गठित की जाने वाली पांच सदस्यीय कमेटी के सुझावों पर नेहरा खाप का एक महासम्मेलन आयोजित किया जायेगा। इस महासम्मेलन में संदीप नेहरा की विधिवत रूप से ताजपोशी की जाएगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में देशभर से आये नेहरा सदस्यों ने अपने विचार रखे। इन्हें महासम्मेलन में अमलीजामा पहनाया जाएगा। यहाँ एक निजी होटल में आयोजित इस बैठक में नेहरा खाप को और ज्यादा मजबूत करने व खाप द्वारा सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लेने की चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वर्गीय जगदीश नेहरा, पूर्व केबिनेट मंत्री के निधन पर रिक्त हुए नेहरा खाप के प्रधान के पद पर उनके सुपुत्र संदीप नेहरा की नियुक्ति एक महासम्मेलन के जरिये पूरे विधि विधान से की जाएगी। गौरतलब है कि नेहरा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश नेहरा के स्वर्गवास पर आयोजित रस्म पगड़ी पर उनके पुत्र संदीप नेहरा को नेहरा खाप के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने फैसला लिया है कि इस महासम्मेलन को आयोजित करने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाए। यह कमेटी महासम्मेलन का समय और स्थान निर्धारित करेगी। कमेटी के गठन का अधिकार नेहरा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप नेहरा को दिया गया है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप नेहरा ने कहा कि नेहरा खाप ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है उसके लिए वे पूरे समाज के ऋणी हैं। उन्होंने कहा कि वे हमेशा समाज की बेहतरी के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे सभी की राय लेकर खाप को मजबूती प्रदान करेंगे। संदीप नेहरा ने कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के काम करेंगे और खाप में अनुशासन कायम करेंगे।
नेहरा खाप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने कहा कि नए अध्यक्ष संदीप नेहरा के पिता पूर्व केबिनेट मंत्री स्वर्गीय जगदीश नेहरा ने सर्वसमाज की भलाई के लिए पूरा जीवन कुर्बान कर दिया था। कोई भी फरियादी उनके दरवाजे से निराश नहीं लौटा। उनके सुपुत्र संदीप नेहरा ने भी उनके पदचिन्हों पर चलने के लिए कराधान विभाग में गजटेड ऑफिसर की नौकरी से स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति ली है। सभी ने संदीप नेहरा को सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक की अध्यक्षता रामचंद्र नेहरा ने की। इस अवसर पर दलबीर नेहरा, बलबीर नेहरा, धर्मबीर नेहरा, कर्नल डी वी नेहरा, महेंद्र नेहरा नियाना, पवन नेहरा, वेदपाल नेहरा, राकेश नेहरा, सिद्धांत नेहरा, संजना नेहरा, सुरेंद्र नेहरा, कृष्ण नेहरा, शमशेर नेहरा , ओमकवार नेहरा, मानसिंह नेहरा , विकास नेहरा, रामकुमार नेहरा, उदयवीर नेहरा, अमित नेहरा, लिछिराम नेहरा, नेमाराम नेहरा, श्रीकिशन नेहरा, बलवान नेहरा, नारायण नेहरा, बलवान नेहरा, सत्यनारायण नेहरा और शमशेर नेहरा समेत अनेक सदस्यों ने हिस्सा लिया।

नेहरा खाप की कार्यकारिणी को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप नेहरा
