
संदीप नेहरा, 5 जुलाई को होंगे कांग्रेस में शामिल।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com। चंडीगढ़ हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और दिग्गज नेता स्वर्गीय चौधरी जगदीश नेहरा के निधन के बाद उनके पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र नेहरा ने उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की पहल की थी परंतु उनकी अचानक और असामयिक मृत्यु के बाद यह सवाल खड़ा हो गया था कि अब परिवार की राजनीति कैसे आगे बढ़ेगी क्योंकि स्वर्गीय श्री नेहरा के दूसरे पुत्र संदीप नेहरा सरकारी सेवा में थे और एक बड़े केरियर को आगे बढ़ाने के शानदार अवसर उनके पास विद्यमान थे। बता दें कि संदीप नेहरा हरियाणा में आबकारी एवं कराधान विभाग में सहायक कराधान एवं आबकारी अधिकारी के रूप में तैनात थे उन्होंने अब स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति ले ली है।
सेवा निवृत्ति बहुत दूर थी परंतु संदीप नेहरा ने वक्त की नजाकत को समझा और क्षेत्र के लोगों की भावनाओं ,कार्यकर्ताओं समर्थकों और शुभचिंतकों की चाहत को देखते हुए स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने और राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय होने का फैसला ले लिया। कहते हैं आर पार का नाम ही राजनीति है। इस तरह का फैसला राजनीति को नई दिशा देने का काम कर जाता है।उन्होंने आगामी 5 जुलाई को सिरसा की पूर्व सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी शैलजा के सानिध्य और उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। इस संदर्भ में पार्टी की सदस्यता लेने संबंधी कार्यक्रम उनके निवास स्थान नेहरा निवास कोर्ट रोड सिरसा में आयोजित किया जाएगा।
इसमें कोई संदेह नहीं है कि संदीप नेहरा भी स्वर्गीय सुरेंद्र नेहरा और अपने पिता जगदीश नेहरा की तरह रानियां विधानसभा क्षेत्र में जन सेवा में जुटेंगे, यही उनका निर्वाचन क्षेत्र भी है।
