
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।; कांग्रेस ने संगठन सृजन के अंतर्गत हरियाणा के लिए जो चार पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं उन्हें एक साथ तीन काम करने हैं । एक जो जिला अध्यक्ष ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिनकी शिकायतें है ,उन्हें बदलना है। इसके अलावा उनकी जगह नए और योग्य कार्यकर्ताओं का पता लगाना है मतलब नए नामों की संस्तुति भी करनी है । तीसरा काम यह है कि इन्हें कम से कम तीन नए जिला अध्यक्ष भी बना कर देने हैं। इनमें जहां नया जिला हांसी शामिल है वहीं दो जिलों में दो नए जिला अध्यक्ष और बनाने की योजना बताई गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस शहरी आबादी को देखते हुए फरीदाबाद और पंचकूला में एक-एक और जिला अध्यक्ष बनाने जा रही है ।अब पंचकूला में पंचकूला (शहरी) और पंचकूला (ग्रामीण), इसी तरह फरीदाबाद में फरीदाबाद (शहरी)और फरीदाबाद (ग्रामीण) जिला अध्यक्ष बनेंगे।
आप समझ सकते हैं कि कांग्रेस ने अंबाला में एक दो नहीं बल्कि तीन जिला अध्यक्ष बना रखे हैं।
आप समझ सकते हैं कि पंचकूला जिला छोटा है परंतु शहर बड़ा है जो मेट्रोपॉलिटन शहर का रूप ले रहा है । ऐसे में कांग्रेस की ओर से किसी पंजाबी, ब्राह्मण या अग्रवाल को जिला अध्यक्ष (शहरी) बनाया जा सकता है। कांग्रेस के पंचकुला जिला के मौजूदा अध्यक्ष पंचकूला (ग्रामीण )के तो और नए जिला अध्यक्ष पंचकूला शहरी इकाई के अध्यक्ष बन सकेंगे।
इससे यह समायोजन कुछ ज्यादा ही रोचक होने वाला है। इस पद की दौड़ में कई उम्मीदवार आगे आ सकते हैं।
ऐसी ही स्थिति फरीदाबाद जिले की है। फरीदाबाद शहर में सघन आबादी है। फरीदाबाद बड़ा जिला है लेकिन जिला अध्यक्ष एक ही है। इसी तरह फरीदाबाद में भी फरीदाबाद शहरी इकाई का गठन किया जा रहा है। यह सब जानते हैं कि प्रदेश में हांसी नया जिला बना है और कांग्रेस हांसी में जिले की नई इकाई बनाएगी और नये जिला अध्यक्ष का नाम भी सामने आएगा।
