लोकतंत्र, आरक्षण और शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य: एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल
सामाजिक समरसता, समानता और संवैधानिक मूल्यों की मजबूती ही सर्वोच्च प्राथमिकता: एडवोकेट बजरंग इंदल।

दक्ष दर्पण
हिसार, 9 अक्टूबर 2026:
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के लीगल डिपार्टमेंट हरियाणा की ओर से हिसार कोर्ट परिसर में बहुजन एवं सामाजिक परिवर्तन आंदोलन के प्रणेता मान्यवर साहब कांशीराम की 20 वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष को नमन करते हुए देश के संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प लिया।एआईसीसी लीगल डिपार्टमेंट हरियाणा के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को जागरूक बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनका जीवन संदेश था कि एक मजबूत और समावेशी समाज के निर्माण के लिए शिक्षा, संगठन और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है।एडवोकेट खोवाल ने जोर देकर कहा कि आज के परिदृश्य में संविधान की रक्षा, आरक्षण के सिद्धांतों का संरक्षण और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश की तरक्की तभी संभव है जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, अवसर और सम्मान पहुंचे। कानून और संविधान की रक्षा में अधिवक्ता समुदाय की भूमिका सदैव अग्रणी रही है और आगे भी रहेगी। वही एआईसीसी लीगल डिपार्टमेंट हरियाणा के स्टेट मीडिया कोऑर्डिनेटर एडवोकेट बजरंग इंदल ने कहा कि सामाजिक न्याय और बंधुत्व की भावना ही हमारे देश के संविधान की आत्मा है। मान्यवर कांशीराम ने शोषितों और वंचितों के हक की आवाज उठाकर समाज में नई चेतना का संचार किया था।एडवोकेट इंदल ने कहा कि वर्तमान समय में संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और सर्वसमावेशी विकास के विचारों को मजबूत करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने अधिवक्ता समुदाय से आह्वान किया कि वे कानून की शक्ति का उपयोग कर कमजोर वर्गों को सुलभ न्याय दिलाने और एक न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी तथा देश में लोकतंत्र, समानता और न्याय के मूल्यों को अक्षुण्ण रखने का सामूहिक संकल्प लिया।इस अवसर पर श्वेता शर्मा,विनोद गुरी,साक्षी चौधरी,मनीषा राजपूत,सुरेंद्र,हिमांशु आर्य खोवाल,कृष्णा मुवाल,विकास नंदवाल,दीक्षा,अलका रानी व अन्य मौजूद रहे ।
व अन्य मौजूद रहे ।
