
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
जीरकपुर, 22 मई (संदीप सैनी)
जीरकपुर नगर परिषद के आगामी चुनावों को लेकर ऑल इंडिया हिंदू शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष से संजीव गोयल ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देते हुए कहा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थिति पूरी तरह मजबूत दिखाई दे रही है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ज़मीनी स्तर पर उभरे समीकरणों से साफ है कि भाजपा के सभी उम्मीदवार अपने-अपने वार्डों में एकतरफा बढ़त बनाए हुए हैं और तकरीबन सभी सीटों पर पार्टी की जीत तय मानी जा रही है। स्थानीय निवासियों में केंद्र सरकार की नीतियों और जीरकपुर के संपूर्ण विकास के विजन को लेकर भारी उत्साह है।
वार्ड वार उम्मीदवारों की समीक्षा और मजबूत स्थिति का मुख्य आधार है एक विकासात्मक विजन (वार्ड 1 से 10): पार्टी ने शुरुआती वार्डों में स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले चेहरों को मैदान में उतारा है। वीआईपी रोड और ढकोली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इन वार्डों में भाजपा की साफ-सुथरी छवि और बुनियादी ढांचे (सड़कें, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट्स) को दुरुस्त करने के वादे ने मतदाताओं को पूरी तरह आकर्षित किया है।
युवा और अनुभवी चेहरों का तालमेल (वार्ड 11 से 20): इन वार्डों में भाजपा ने पुराने कद्दावर नेताओं के साथ-साथ शिक्षित और ऊर्जावान युवाओं को टिकट दिया है। बलटाना और आसपास के क्षेत्रों के इन वार्डों में व्यापारियों और आम जनता का समर्थन भाजपा उम्मीदवारों के साथ खुला नजर आ रहा है, जिससे विरोधी दलों के पैर उखड़ चुके हैं।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक पकड़ (वार्ड 21 से 31): महिला आरक्षित और संवेदनशील वार्डों में भाजपा के उम्मीदवारों ने घर-घर जाकर जो जनसंपर्क अभियान चलाया है, उसने विपक्ष के वोटों में बड़ी सेंध लगाई है। पीरमुछल्ला और गाजीपुर क्षेत्र के इन वार्डों में भाजपा की जीत का अंतर सबसे बड़ा रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
विपक्ष पूरी तरह धराशायी, भाजपा के पक्ष में माहौल
समीक्षा बैठक के बाद ऑल इंडिया हिंदू शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष संजीव गोयल ने कहा कि जीरकपुर की जनता पूर्व की सरकारों और स्थानीय पार्षदों के ढुलमुल रवैये तथा भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है। लोग अब एक ऐसी मजबूत लीडरशिप चाहते हैं जो जीरकपुर को ट्रैफिक जाम, अवैध निर्माण और जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं से मुक्ति दिला सके। भाजपा के सभी 31 वार्डों के उम्मीदवार समाज के हर वर्ग (महिला, युवा, बुजुर्ग और व्यापारी) की पहली पसंद बने हुए हैं।
ऑल इंडिया हिंदू शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष संजीव गोयल ने दावा किया है कि 26 मई को होने वाले मतदान में जीरकपुर की जनता कमल के फूल का बटन दबाकर एक नया इतिहास रचेगी और 29 मई को आने वाले नतीजों में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ जीरकपुर में अपनी परिषद बनाएगी।
