
योगेश तिवारी
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
बाराबंकी।
नगर पंचायत बेलहरा की बोर्ड बैठक अब विवादों के घेरे में आ गई है। 15 अप्रैल को हुई बैठक की कार्यवाही को लेकर सभासदों ने बड़ा आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी फतेहपुर से शिकायत की है। मामला सरकारी रजिस्टर में कथित फर्जी प्रविष्टियों और बिना हस्ताक्षर बैठक पूरी दिखाने से जुड़ा बताया जा रहा है।
सभासदों का कहना है कि बैठक में प्रत्येक वार्ड से दो विकास कार्य प्रस्तावित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन उस समय कार्यवाही रजिस्टर में कोई विवरण दर्ज नहीं किया गया था। इसी वजह से किसी भी सदस्य ने हस्ताक्षर नहीं किए। आरोप है कि बाद में अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने अपनी ओर से कई कार्य दर्ज कर कार्यवाही पूरी दिखा दी।
शिकायतकर्ताओं ने इसे नगर पालिका नियमों का खुला उल्लंघन बताते हुए सरकारी अभिलेखों में छेड़छाड़ का मामला बताया है। सभासदों का कहना है कि बिना बोर्ड की मंजूरी कार्य दर्ज करना विकास कार्यों में अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी को बढ़ावा दे सकता है।
सभासदों ने SDM से पूरे प्रकरण की जांच, विवादित कार्यवाही निरस्त करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
