
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
इन्द्री : ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब पत्रकारिता और टूरिज्म जैसे प्रोफेशनल कोर्स करने के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं है। अब उनके स्थानीय शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी में इस सत्र से दो नए प्रोफेशनल स्नातक कोर्स ‘बी.ए. (मास कम्युनिकेशन)’ और ‘बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट’ शुरू हो गए हैं। विद्यार्थी बेहतर करियर के लिए इन प्रोफेशनल कोर्सों में दाखिला ले सकते हैं। यह जानकारी कॉलेज प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने दी है।

प्राचार्य डॉ. बागी ने बताया कि मीडिया हर वर्ग से जुड़ा हुआ माध्यम है। इसकी हर सूचना का प्रभाव आम जनमानस पर पड़ता है। वर्तमान में बढ़ते समाचार पत्रों व न्यूज चैनलों की संख्या से युवाओं के लिए रोजगार की अनेक संभावनाएं बहुत ज्यादा हैं। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, नोएडा आदि में कई राष्ट्रीय समाचार पत्रों, चैनलों, रेडियो एफएम संचालित हो रहे हैं। पानीपत, करनाल में कई समाचार पत्रों की प्रिंटिंग यूनिट , संपादकीय, विज्ञापन आदि के कार्यालय हैं। सोशल मीडिया, जनसंपर्क सहित मीडिया में कई स्तर पर रोजगार के अवसर हैं और इन संस्थानों को कुशल युवाओं की हर समय जरूरत रहती है।
उन्होंने बताया कि भारत और विदेशों में तेजी से बढ़ता पर्यटन उद्योग करियर के शानदार अवसर दे रहा है। टूरिज्म की स्नातक डिग्री के बाद सरकारी पर्यटन विभाग, एयरलाइंस, होटल्स, ट्रैवल एजेंसी आदि में टूर मैनेजर, ट्रैवल कंसल्टेंट, इवेंट प्लानर के साथ ट्रैवल ब्लॉगिंग आदि में भी करियर बना सकते हैं। इसलिए जोश और जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए इन दोनों प्रोफेशनल कोर्सों में सुनहरा भविष्य है।
—बॉक्स—
दोनों कोर्स में 40-40 सीट
प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा द्वारा यहां बीए (मास कम्युनिकेशन) में 40 सीटें और बैचलर ऑफ टूरिज्म में 40 सीटें दी गई हैं। जिस विद्यार्थी ने 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं की है, वह इन प्रोफेशनल कोर्सों में दाखिले के लिए वेबसाइट https://admissions.highereduhry.ac.in/ पर जाकर 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। विद्यार्थी ज्यादा जानकारी के लिए महाविद्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी
