
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला।
नगर निगम पंचकूला के चुनाव की बात करें तो आज 28 अप्रैल को नामांकन पत्र वापस लेने का आखिरी दिन है। आज के दिन को कई तरह से निर्णायक माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के कई नेता जो अलग-अलग वार्डों में टिकट के दावेदार थे या सीटिंग एम सी थे उनमें से कुछ इतने नाराज हैं कि उन्होंने पार्टी के फैसले को चुनौती देते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में फॉर्म भर दिए हैं ।अब मुख्यमंत्री नायब सैनी भी बीच का रास्ता निकालने के लिए सुबह-सुबह ही पंचकूला पहुंच रहे हैं ।उनकी कोशिश कई उम्मीदवार जिनका ताल्लुक भारतीय जनता पार्टी से है को इस बात के लिए तैयार करेंगे कि वह अपना नामांकन पत्र वापस लें ।
लेकिन सवाल यह है कि क्या मुख्यमंत्री टिकटों की अदला-बदली कराने का बड़ा फैसला कर पाएंगे। वार्ड नंबर 3 में पार्टी के उम्मीदवार पूर्व पार्षद सुरेश वर्मा को वरिष्ठ पार्षद सीबी गोयल की पुत्रवधू रितु गोयल चुनौती दे रही है। उधर एक अन्य पूर्व पार्षद सोनिया सूद ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में फॉर्म भर दिया है ।इसी तरह ओमवती पूनिया भी चुनौती दे रही है । जेजेपी से भारतीय जनता पार्टी में गए सुशील गोयल भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में है। समझा जा रहा है कि भाजपा के जो टिकटार्थी अब नामांकन पत्र दाखिल करके चुनाव लड़ने की तैयारी में है उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने की पूरी कोशिश की जाएगी। जब इस काम की बागडोर मुख्यमंत्री अपने हाथ में लेकर चल रहे हैं तो इसे गंभीर मामला मानकर चलना चाहिए।
