
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
बाबैन, 26 अप्रैल (सोहन) : हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने आज लाडवा विधानसभा क्षेत्र के बीड़ मंगौली, बाबैन, काली रानो, गुढ़ा, कौलापुर सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने उनके दुख में सहभागी बनते हुए उन्हें सांत्वना प्रदान की। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने गांव बीड मंगोली, बाबैन, काली रानो, गुढ़ा एवं कोल्हापुर में पहुंचकर दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों से भेंट की। इस दौरान उन्होंने परिवारजनों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा को सुना और उन्हें मानसिक संबल देने का प्रयास किया। उनके साथ भाजपा मंडल बाबैन के प्रधान विकास शर्मा, गुढ़ा मंडल के प्रधान नरेंद्र दबखेड़ा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसविंदर जस्सी, डिम्पल सैनी, कौशल सैनी, अनिल टाटकी, प्रदीप बिन्ट, बख्तावर भैणी, सूर्या सैनी, सुखजोत कपूर, राजेश भूरा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति व स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सुमन सैनी ने कहा कि किसी अपने को खो देना जीवन का सबसे बड़ा दुख होता है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। ऐसे समय में समाज के सभी लोगों का कर्तव्य है कि वे पीडि़त परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें हौसला दें और हर संभव सहयोग करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे हर परिस्थिति में क्षेत्र के लोगों के साथ हैं और जरूरत पडऩे पर हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहेंगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि कठिन समय में धैर्य और हिम्मत ही सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर परिवारों का मनोबल बढ़ाने का आह्वान भी किया। सुमन सैनी ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की और कामना की कि प्रभु उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
