
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं मेयर पद प्रत्याशी श्रीमती सुधा भारद्वाज ने भाजपा सांसद रेखा शर्मा द्वारा दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेता जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
सुधा भारद्वाज ने कहा कि रेखा शर्मा द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल जी तथा वरिष्ठ नेता चंद्र मोहन बिश्नोई के खिलाफ दिया गया बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, असत्य और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की यह पुरानी आदत रही है कि जब उनके पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं होती, तब वे विपक्षी नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रचते हैं।
उन्होंने कहा कि चौधरी भजनलाल जी ने हरियाणा के विकास, किसानों, गरीबों और प्रदेश की जनता के हित में ऐतिहासिक कार्य किए, जिन्हें प्रदेश की जनता आज भी सम्मान के साथ याद करती है। वहीं चंद्र मोहन बिश्नोई ने भी जनसेवा और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया है। ऐसे नेताओं पर इस प्रकार की टिप्पणी करना भाजपा की घटिया मानसिकता को दर्शाता है।
सुधा भारद्वाज ने कहा कि भाजपा को चाहिए कि वह व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जवाब दे। जनता अब भाजपा की नकारात्मक राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका करारा जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सम्मानजनक और मुद्दों की राजनीति में विश्वास रखती है, जबकि भाजपा समाज में नफरत और भ्रम फैलाने का कार्य कर रही है। जनता सच जानती है और सच्चाई की जीत निश्चित है।
