नन्द सिंगला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला ।
अयोध्या धाम की पावन यात्रा पूरी कर विशेष ट्रेन के माध्यम से लौटे श्रद्धालुओं ने भावुक होकर अपनी खुशी और संतोष व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे यादगार और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध करने वाली यात्रा रही। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ से जीवन का सपना साकार हो गया है।
गौरतलब है कि 28 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था और 31 मार्च को यह विशेष ट्रेन श्रद्धालुओं को लेकर वापस अम्बाला कैंट पहुंची।
इस ट्रेन में जिला अंबाला, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत जिला के श्रद्धालु गए थे, जिसमें जिला अम्बाला के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा ब्लॉक शहजादपुर क्षेत्र के भी श्रद्धालु अयोध्या धाम गये थे।
अयोध्या से लौटे गांव तसडोली के श्रद्धालु गुरनाम सिंह ने बताया कि उन्हें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, सरयू नदी स्नान, हनुमानगढ़ी, कनक भवन सहित अनेक धार्मिक स्थलों के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति और आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि वर्षों से संजोया गया उनका सपना अब पूरा हुआ है।
गांव मघरपुरा के बुजुर्ग श्रद्धालु मंगतराम ने कहा कि जब 28 मार्च को मुख्यमंत्री ने अंबाला छावनी से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, उसी समय हमें महसूस हो गया था कि हम एक ऐतिहासिक यात्रा पर जा रहे हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर जीवन धन्य हो गया।
सरकार ने यात्रा की इतनी बेहतरीन व्यवस्था की कि हमें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। मुफ्त यात्रा की सुविधा से हम जैसे बुजुर्गों का सपना साकार हो गया।
गांव बीबीपुर की महिला श्रद्धालु पुष्पा ने कहा-
उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि इतनी आरामदायक और सुरक्षित यात्रा हमें मिलेगी। हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों का मान बढ़ाया है। अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन कर आंखें नम हो गईं। यह यात्रा जीवन भर याद रहेगी। सरयू स्नान और राम मंदिर दर्शन उनके जीवन का सबसे पवित्र अनुभव रहा। मुख्यमंत्री और सरकार का वे दिल से धन्यवाद करते हैं।
गांव बीबीपुर के ही श्रद्धालु सुखपाल ने रामायण से जुड़े अनेक स्थलों के दर्शन कर गर्व और भावुक्ता व्यक्त की। जिन स्थलों के बारे में वर्षों से सुनते आए थे, उन्हें प्रत्यक्ष देखना अविस्मरणीय अनुभव रहा। रामायण में पढ़े स्थानों को सामने देखकर ऐसा लगा जैसे इतिहास जीवंत हो गया हो।
बुजुर्ग श्रद्धालु संत कुमार ने कहा, आज पूरी दुनिया राम मंदिर को देख रही है। हमें गर्व है कि हम इस ऐतिहासिक समय के साक्षी बने। जब मंदिर के दर्शन किए तो आंखों में खुशी के आंसू आ गए। यह केवल मंदिर नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है।
श्रद्धालु स्नेहलता ने बताया कि उनकी अयोध्या यात्रा आध्यात्मिक ऊर्जा और भावनाओं से भरपूर रही। राम मंदिर के दर्शन, सरयू स्नान और धार्मिक स्थलों के भ्रमण ने उनके मन को शांति और संतोष से भर दिया। अयोध्या पहुंचते ही मन में अलग ही शांति महसूस हुई। रामलला के दर्शन कर लगा कि जीवन सफल हो गया। उन्होंने कहा कि बेहतरीन व्यवस्थाओं ने यात्रा को आरामदायक और यादगार बना दिया।
सरयू स्नान और राम नाम की गूंज से भक्तिमय बना पूरा माहौल
जिला अम्बाला के श्रद्धालु जमुना प्रसाद ने कहा कि पूरी यात्रा में हमें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान श्रीराम का स्मरण किया। सरयू स्नान उनके लिए अत्यंत पवित्र और भावुक क्षण था। उन्होंने कहा कि सरयू स्नान के बाद जब राम मंदिर पहुंचे तो मन पूरी तरह भक्ति में डूब गया। अयोध्या में हर जगह राम नाम की गूंज सुनकर मन प्रसन्न हो गया।
हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना- इस योजना के तहत, 60 से 80 वर्ष के बीच आयु के पात्र बुजुर्गों को अयोध्या (श्री राम जन्मभूमि) और अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों की नि:शुल्क यात्रा (रहने, खाने और यात्रा का खर्च सरकार द्वारा) कराई जाती है।
एक लाख अस्सी हजार रूपये तक वार्षिक पारिवारिक आय वाले हरियाणा के निवासी इसके पात्र हैं।
उद्देश्य-आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क तीर्थ दर्शन कराना।
पंजीकरण- इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होता है।
विशेष नियम-योजना का लाभ हर 3 साल में एक बार लिया जा सकता है।

