दक्ष दर्पण
जींद। जाट धर्मशाला में रविवार को रोहतक चौरासी खाप के आह्वान पर उत्तर भारत सर्वखाप भाईचारा खाप का आयोजन जाट धर्मशाला में आयोजित की गई। महापंचायत की अध्यक्षता सतरोल खाप के अध्यक्ष संदीप खर्ब ने की। सर्वखाप पंचायत ने आगजनी का शिकार होने के बाद भी 57 युवकों को माफ करने पर पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के बड़े भाई वीरसेन को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया गया। वहीं समझौत में अहम भूमिका सतरोल खाप के प्रधान संदीप खर्ब, पूर्व प्रधान रामनिवास लोहान, रोहतक चौरासी के प्रधान हरदीप, पूर्व विधायक सोमबीर सांगवान को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया गया। सर्वजातिय खाप महापंचायत में उत्तर भारत की 165 खापों के चौधरियों ने भाग लिया। खाप पंचायत चौधरियों ने साफ कहा कि सिंधु परिवार ने खाप पंचायतों का मान-सम्मान रख कर यह इतिहास रच दिया है। जिन्होंने 57 परिवारों के चमन उजडऩे से बचा लिए। खाप पंचायत में व्यक्ताओं ने कैप्टन अभिमन्यु की कोठी में आग लगाना भी एक बड़ा राजनितिक षडय़ंत्र बताया है।
महापंचायत में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वो सबका दिल से आभार करते हैं कि पूरे प्रकरण में जो भी आपसी मैल था, उसे निकाल दिया गया है। उनकी मां का स्वर्गवास हो चुका है और पहले ही दिन से उनके तथा उनके परिवार के मन में कोई गिला-शिकवा नही था। उन्होंने प्रभु से हमेशा यही प्रार्थना की कि सबके घरों में सुख शांति बनाए रखना। किसी को दुख और तकलीफ ना देना। आज जो फैसला लिया गया है, उसके लिए वो सभी का आभार व्यक्त करते हैं। इस सरदारी ने जो इज्जत बख्शी है व मान-सम्मान दिया है वो इसे कभी भुला नही सकते हैं। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि महापंचायत में उनके बड़े भाई वीर सैन, छोटे भाई रूद्रसैन जिन्होंने अपना संदेश भेजा है। उनसे बड़े भाई वृतपाल भी यहीं पर बैठे हैं। छोटे भाई मेजर सतपाल भी यहां मौजूद हैं। मेरे सारे परिवार की तरफ से आपको हाथ जोड़ कर यही निवेदन और यही प्रार्थना है कि आप सब प्यार, प्रेम से, शांति से, भाईचारे से सभी रहें और खुश रहें। आज इस महापंचायत में सभी अपने घर व परिवार से समय निकाल कर आए हैं, लोगों के सुख-दुख में हाजिर होकर और अपने खर्चे पर यह महापंचायत की गई है, जोकि बहुत सराहनीय है। वास्तव में भगवान स्वरूप इस सारी सरदारी को सिर झुका कर वो नमन करते हैं। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि आज पूरा प्रकरण निपट गया। उन्होंने हाथ जोड़ कर सभी खाप प्रतिनिधियों को दिल से धन्यवाद दिया और कहा कि आपने बहुत इज्जत बख्शी। कभी गिला शिकवा नहीं था, न है और न रहेगा। वहीं सर्वजात सर्वखाप पंचायत के राष्ट्रीय संयोजक टेकराम कंडेला ने कहा कि सिंधु परिवार हमेशा समाज उत्थान में सक्रिय रहा है। सिंधु परिवार ने उन युवकों को नया जीवनदान दिया है। जितनी प्रशंसा सिंधु परिवार की कि जाए उतनी कम है। उन्होंने सिधु परिवार को अभार जताया। महापंचायत में कंडेला खाप के ओमप्रकाश कंडेला, हुड्डा खाप के धर्मपाल हुड्डा, राठी खाप के रणबीर राठी, बलजीत कटवाल, दहिया खाप के सुरेंद्र दहिया, खत्री खाप के सुरेंद्र, कालीरमणा खाप के कर्मबीर, पूर्व सरपंच योगानंद, मोर खाप के दलबीर, 52 खाप के अरूण जैलदार, खेड़ा खाप के लीलाराम, किसान नेता कृष्ण किरमारा, श्योराण खाप यूपी के प्रमेंद्र, सिरोहा खाप के रणधीर सिंह, नरवाल खाप के भल्ले राम, सुबेर सिंह जैलदार समेत काफी संख्या में खाप चौधरी तथा तपों के मुखिया थे।

महापंचायत में लोगों का अभिवादन करते हुए पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु।

महापंचायत में पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के बड़े भाई वीरसेन को पगड़ी बांधते हुए।
