
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालका 10 मार्च
लगभग 26 वर्ष तक पंचकूला शहर में चल रहे पिंजौर खंड शिक्षा कार्यालय को वर्ष 2014 में पिंजौर शिफ्ट करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी लेकिन 12 वर्ष बाद भी खंड शिक्षा कार्यालय (बीईओ) को अपना स्थाई भवन नसीब नहीं हो पाया है यह कार्यालय अभी तक खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय पिंजौर के कमरे में किराए पर चल रहा है, इतना ही नहीं पिंजौर बीईओ कार्यालय के अंतरगत ही पंचकूला उपमंडल के सभी स्कूल आते हैं इसलिए पंचकूला के लिए अलग से खंड शिक्षा कार्यालय का भी गठन किया जाए पिछले कई वर्षों से बीईओ कार्यालय भवन निर्माण करवाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। यह शब्द शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा कांग्रेस पूर्व सचिव विजय बंसल एडवोकेट ने मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहे हैं।
विजय बंसल एडवोकेट ने ज्ञापन में कहा कि सरकार ने हमेशा कालका विधानसभा क्षेत्र से भेदभाव किया है जिस कारण पिंजौर कालका वासी परेशानियां झेल रहे हैं। विजय बंसल ने कहा कि खंड शिक्षा कार्यालय पिंजौर के अधीन पूरे जिले के लगभग 320 सरकारी गैर सरकारी स्कूल आते हैं जिस कारण इस कार्यालय पर क्षमता से अधिक कार्यभार है। इसलिए खंड शिक्षा कार्यालय पिंजोर हरियाणा प्रदेश का सबसे बड़ा कार्यालय है। छात्रों और अध्यापकों को स्कूल एवं शिक्षक से संबंधित ब्लॉक एजुकेशन ऑफिस में अपने कार्य करवाने के लिए कई कई दिन लग जाते हैं। इसलिए न केवल पिंजौर और कालका क्षेत्र के स्कूलों के लिए और पंचकूला सबडिवीजन के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के लिए अलग अलग से बीईओ कार्यालय बनाए जाएं साथ ही पिंजौर बीईओ कार्यालय भवन का निर्माण भी शीघ्र किया जाए। उन्होंने बताया कि बीई ओ भवन निर्माण के लिए सरकार ने वर्ष 2023 में 66.17 लाख रुपए मंजूर किए थे। उन्होंने बताया कि लोगों की समस्या को देखते हुए विगत 20 सितंबर 2023 को बीईओ पिंजौर ने नगर परिषद पिजोर- कालका अध्यक्ष को पत्र भेज कर भवन निर्माण के लिए नगर परिषद की एक एकड़ भूमि देने की मांग की थी कहीं मंजूर हुई राशि वापस न चली जाए। इतना ही नहीं नगर परिषद पार्षद महेश शर्मा एडवोकेट ने भी नगर परिषद अध्यक्ष को 26 सितंबर 2023 को पत्र लिखकर उनके वार्ड 6 टिपरा में खसरा नंबर 99 में पड़ी हुई खाली जमीन को निशुल्क देने की के लिए पत्र लिखा था। उनकी मांग पर तुरंत कार्रवाई करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष कृष्ण लाल लांबा ने परिषद के कार्यकारी अधिकारी को पत्र लिखकर टिपरा में खाली पड़ी एक एकड़ जमीन को निशुल्क देने की सिफारिश की थी। लेकिन लगभग 3 साल बीतने के बाद भी आज तक उस पर आगे कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि उन्होंने भी वर्ष 2022 में तत्कालीन शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर को ज्ञापन भेज कर खंड शिक्षा कार्यालय भवन निर्माण की मांग की थी लेकिन सरकारी एवं प्रशासनिक उदासीनता के कारण इस और कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि पहले पिंजौर खंड शिक्षा कार्यालय कालका में था लेकिन लोकदल की सरकार के कार्यकाल में सन 1988 में इसे पंचकूला में शिफ्ट कर दिया गया था शिवालिक विकास मंच ने काफी संघर्ष के बाद लगभग 26 साल बाद वर्ष 2014 में खंड शिक्षा कार्यालय को फिर से पिंजौर में शिफ्ट करवाया था। उन्होंने बताया कि बीईओ पिंजौर कार्यालय के अधीन 190 सरकारी स्कूल, 25 सीनियर सेकेंडरी स्कूल है, 4 हाई स्कूल, जबकि लगभग 125 मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूल पिंजौर कार्यालय के अंतर्गत आते हैं। पिंजौर ब्लॉक के गांव खोखरा जो कि हिमाचल प्रदेश के बद्दी औद्योगिक क्षेत्र की सीमा के साथ लगा हुआ है वहां से लेकर पंचकूला के नाडा साहिब गांव तक का कई किलोमीटर लंबा एरिया पिंजौर ब्लॉक के अंतर्गत आता है पिंजौर ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में क्षमता से अधिक कार्यभार है। विजय बंसल ने कहा कि जब कालका और पंचकूला अलग-अलग सब डिवीजन बन गए हैं तो इनका ब्लॉक शिक्षा कार्यालय भी अलग-अलग होना चाहिए ताकि काम बंट जाए और छात्रों एवं शिक्षकों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी ब्लॉक स्तर की सभी बैठके पंचकूला में ही करते हैं यहां के शिक्षकों को बैठक के लिए पंचकूला जाना पड़ता है फिर कार्यालय को पिंजौर में शिफ्ट करने का क्या लाभ, इतना ही नहीं पंचकूला के सरकारी स्कूल के शिक्षकों एवं छात्रों को अपने कामों के लिए पिंजौर आना पड़ता है जिससे आने-जाने में समय और पैसे की बर्बादी होती है।
विजय बंसल ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा से जुड़े हुए पिंजौर खंड शिक्षा कार्यालय भवन का निर्माण जल्द से जल्द किया जाए और पंचकूला के लिए अलग से खंड शिक्षा कार्यालय का गठन किया जाए।
