
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कुरुक्षेत्र, 11 मार्च (नीतू चौहान)।
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे 8वीं कक्षा के एक छात्र पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल छात्र को इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं इस मामले में परिजनों ने पुलिस से आरोपी युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
छात्र के पिता ज्ञानेंद्र ने बताया कि वह सेक्टर तीन में कपड़े प्रेस कर अपने परिवार का गुजर बसर करते हैं। उसका बेटा महेंद्र गांव कलाल माजरा के सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है। बीते दिन वह स्कूल से साइकिल पर सवार होकर लौट रहा था तभी कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। पेट के पास चाकू लगने से वह लहूलुहान हो गया जिसके बाद आरोपी भाग गए। सूचना मिलने पर उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता ने बताया कि उसके बेटे की परीक्षा भी है। ऐसे में उसकी परीक्षा भी छूटने की संभावना बन गई है जिससे उसका एक साल भी बर्बाद हो सकता है।
वहीं इस मामले में संबंधित चौंकी इंचार्ज ने बताया कि घायल युवक के बयान के आधार पर पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जाएगी।
