
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा के नेता रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर की गई टिप्पणी अकेले राहुल गांधी ही नहीं कांग्रेस पर भी भारी पड़ सकती है। उन्होंने जिस तरह से नवनीत सिंह बिट्टू को हल्के मूड में ही सही, निशाना बनाया उसे भारतीय जनता पार्टी अब न केवल एक सामुदायिक रंग देने की चेष्टा में है बल्कि व्यक्तिगत मामले को एक प्रदेश और एक धर्म के साथ जोड़कर इसका राजनीतिक लाभ उठा ले जाने की स्थिति में पहुंच रही है। भाजपा के नेता जानते हैं कि पंजाब के लोग भावुक बहुत है। भाजपा के लोग माहौल बनाना जानते हैं और माहौल बनाना ही राजनीति है।
हम बार-बार कह रहे हैं कि पंजाब के चुनाव को लेकर भाजपा न केवल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को एक चेहरे के रूप में प्रस्तुत कर रही है बल्कि इस मामले में हरियाणा को एक लॉन्चिंग पैड की तरह भी प्रयुक्त किया जा रहा है ।अब रवनीत सिंह बिट्टू के मामले में भाजपा ने हरियाणा में हर जिले में राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और बिना शर्त माफी मांगने और पद से त्यागपत्र देने की मांग करनी शुरू कर दी है । भाजपा के कई जिलों में प्रदर्शन हो चुके हैं कईओ में हो रहे हैं और यह क्रम कई दिन तक और चल सकता है।पंजाब में इसे धर्म से सहानुभूति और राज्य के अपमान के रूप में भी प्रस्तुत किया जा सकता है। इससे जहां पंजाब में मजबूत स्थिति में बताई जा रही कांग्रेस को नुकसान हो सकता है वहीं भाजपा इसका राजनीतिक लाभ उठा सकती है।
यहां हम यह कह सकते हैं कि राजनीतिक व्यक्ति को अपने आचरण विशेषकर बोल चाल के मामले में फाउल नहीं होना चाहिए।
इसमें कोई दो राय नहीं कि देश की जनता समझ रही है कि राहुल गांधी की यह टिप्पणी निजी तौर पर बिट्टू को लेकर ही थी और शायद वह उनसे अपना कुछ प्रेम भी जताना चाह रहे थे क्योंकि पहले बिट्टू कांग्रेस में ही थे लेकिन बहुत लोगों और कैमरे के सामने की गई यह टिप्पणी तुरंत दिशा बदल गई और रवनीत सिंह बिट्टू ने उन्हें उसी समय बैक फुट पर ले जाकर खड़ा कर दिया जब आग्रह पर भी उन्होंने राहुल गांधी से हाथ नहीं मिलाया। यही नहीं उन्हें जैसी टिप्पणी सुनने को मिली उन्होंने वैसा ही जवाब भी दे दिया। उस समय के हालत यह भी बताते हैं कि राहुल गांधी को यह गुमान भी है कि पंजाब में कांग्रेस मजबूत है और वहां उनकी सरकार बन सकती है। शायद इसीलिए उन्होंने बिट्टू को यह कहा कि आपको वापस हमारे पास आना पड़ेगा। हरियाणा की एक कहावत है, हंसी-हंसी में हसनगढ़ बस जाना। यही बात अब राहुल गांधी के इस प्रकरण के साथ जुड़ती नजर आ रही है ।क्योंकि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के चुनाव को लेकर जिस तरह की तैयारी में है उसमें यह प्रकरण उसके बहुत काम आ सकता है।
सब जानते हैं कि भाजपा के लोग हर मामले को इवेंट बनाना जानते हैं और अपनी आलोचनाओं को भी पत्थर बनकर विरोधी के सिर में बड़ी सफाई के साथ मार जाते हैं। राहुल गांधी को यह समझ लेना चाहिए कि इसी तरह की गलती होती रही और वह भाजपा को इसी तरह का मौका देते रहे तो पंजाब में सरकार बनाने का उनका सपना इसी तरह से चूर-चूर हो सकता है जैसे हरियाणा में हुआ था। जानकार कह रहे हैं कि पंजाब में ऐसी ऐसी तरकीबें अप्लाई होती नजर आएंगे कि उसे सहज ही समझना भी कठिन होगा।बशीर बद्र का एक शेर है,
कोई हाथ भी ना मिलाएगा, जो यूं मिलोगे तपाक से,
यह नए मिज़ाज का शहर है जरा फासले से मिला करो !
