दक्ष दर्पण समाचार सेवा
हिसार : स्वदेशी की अलख जगाते हुए स्वदेशी जागरण मंच 1 फरवरी को निशुल्क स्वदेशी चिकित्सा शिविर आयोजित करेगा। हिसार के पीएलए स्थित शाश्वत नेचर क्योर एवं हेल्थ सेंटर पर यह शिविर प्रात: 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगा। स्वदेशी मेला प्रांतीय प्रमुख अनिल गोयल ने बताया कि इस शिविर में समस्त रोगों का समाधान भारतीय स्वदेशी चिकित्सा पद्धति से किया जाएगा। इसके अंतर्गत आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, एक्यूप्रेशर, नाड़ी परीक्षण, योग, ध्यान एवं प्राकृतिक चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी।
स्वदेशी चिकित्सा शिविर की प्रमुख सोनू गोयल एवं आशा कौशिक ने बताया कि इस शिविर में नाड़ी चिकित्सक वैद्य कमलजीत, नेचुरोपैथी चिकित्सक डॉ. रिंपल मित्तल व डॉ. राजेश शर्मा, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. सुशीला बंसल, योगाचार्य डॉ. मुकेश कुमार, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. रामनिवास, ध्यान चिकित्सक परीक्षित, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. छाया लांबा व एक्युप्रेशर चिकित्सक हरि सिंह अपनी सेवाएं निशुल्क देंगे। इस दौरान सिटी अल्ट्रासाउंड व एक्सरे और डीजीएल डायग्नोस्टिक की तरफ से बीपी, शुगर, पल्स व वेट सहित स्वास्थ्य जांच निशुल्क की जाएगी।
अनिल गोयल ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों, स्वदेशी चिकित्सा व स्वदेशी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करना है ताकि युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति व स्वदेशी सोच से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करता है। इसके साथ ही हर वर्ष स्वदेशी मेला लगाकर स्वदेशी उत्पादों व नए स्टार्टअप की जानकारी लोगों तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वावलंबन व स्वदेशी से जोडऩा ही परम उद्देश्य है। इसी कड़ी में हाल ही में स्वदेशी जागरण मंच द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ में सैकड़ों विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और स्वदेशी अपनाने का संकल्प भी लिया।

anil Goel
