
गौरव राजपुरोहित
मुम्बई।
पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोल्डी बराड़ के माता-पिता को साल 2024 के एक रंगदारी मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में की गई। इस मामले में पंजाब पुलिस के एसएसपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के पिता शमशेर सिंह और माता प्रीतपाल कौर को गिरफ्तार किया है, दोनों मुक्तसर के आदर्श नगर इलाके में अपने आवास में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह मामला वर्ष 2024 में मुक्तसर के एक स्थानीय निवासी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया है, गौरतलब है कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ जो इस समय अमेरिका में छिपा हुआ है, साल 2022 में मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के प्रमुख आरोपियों में शामिल है। गोल्डी बराड़ ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी सार्वजनिक रूप से स्वीकार की थी। गोल्डी बराड़ 2017 में छात्र वीजा पर कनाडा गया था। पंजाब पुलिस द्वारा यह कार्रवाई राज्य में गैंगस्टर्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने हाल ही में विदेश में बैठे 60 कुख्यात गैंगस्टर्स से जुड़े करीब 1200 सहयोगियों और लगभग 600 पारिवारिक सदस्यों की पहचान कर उनके ठिकानों का मानचित्रण किया है, जिनकी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की आशंका है। पहले लॉरेंस विश्नोई गैंग का प्रमुख गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पिछले वर्ष लारेंस विश्नोई से अलग हो गया वर्तमान में वह गोल्डी बराड़ रोहित गोदारा-काला जठेरी गैंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। साल 2024 में केंद्र सरकार ने गोल्डी बराड़ को गैरकानूनी गतिविधि अधिनियम के तहत आतंकवादी घोषित किया था। उस पर ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भारत में तस्करी कर हत्याओं को अंजाम देने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में संगठित अंडरवर्ल्ड के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
