
संजू कुमार प्रजापति।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
डेरा बस्सी (पंजाब)
शिरोमणि अकाली दल के नेता, युवा समाजसेवी व निवर्तमान पार्षद संजू कुमार प्रजापति ने कहा है कि लालड़ू नगर पालिका के चुनाव में शिरोमणि अकाली दल की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि इस जीत का अभिप्राय यह होगा कि विधानसभा के आगामी चुनाव में पंजाब के मतदाता एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल को सता सौंपने वाले हैं । उन्होंने कहा कि जनता में पंजाब में सत्तारुढ़ आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रति न केवल गुस्सा है बल्कि जनता इस शासन को जड़ से उखाड़ कर फेंकने को आमादा है ।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को भी यह आभास हो गया है कि सत्ता उनके हाथों से खिसक रही है। यही कारण है कि उसके नेता बौखलाहट का परिचय भी देने लगे हैं उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि लालड्डू नगर पालिका चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के तीन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र एक साजिश के तहत रद्द किए गए हैं लेकिन पार्टी ने इस पर एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि यह साजिश भी है और बौखलाहट भी। उन्होंने कहा कि बौखलाहट हार की पहचान होती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव में सत्ता पक्ष की ओर से कोई भी गड़बड़ी या धींगामुश्ती की गई तो उसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के प्रति जनता का समर्थन साफ तौर पर देखा जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के अधिसंख्य पार्षद जीतकर आएंगे और चेयरमैन भी अकाली दल का ही होगा।
उन्होंने एक बार फिर कहा कि इस चुनाव में किसी तरह की ज्यादती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संजू कुमार प्रजापति ने जोर देकर कहा कि हाल के स्थानीय स्वशासन चुनाव के परिणामों से एक बात साफ होने जा रही है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार जा रही है और शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने जा रही है। इसीलिए यह चुनाव जनमत संग्रह की तरह देखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने यह जान लिया है कि पंजाब , पंजाबियत, विकास और जनकल्याण से किसी का सच्चा सरोकार है तो वह है शिरोमणि अकाली दल की चहुंमुखी विकास की विचारधारा और उसके मजबूत नेता।
