
रेनू गौड़
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश – महानगर कल्याण मंडप में भारत रत्न से सम्मानित, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय पंडित अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर “अटल स्मृति सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गरीब कल्याण और सुशासन के प्रतीक, युगदृष्टा नेता अटल की स्मृतियों को नमन करते हुए आयोजित किया गया।

*सम्मेलन की अध्यक्षता:*
सम्मेलन की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री आदरणीय बृजेश पाठक उपस्थित रहे।

*बृजेश पाठक का संबोधन:*
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अटल ने राजनीति को शुचिता, संवाद और सहमति की नई दिशा दी तथा देश को मजबूत नेतृत्व प्रदान किया।
*महापौर का अध्यक्षीय वक्तव्य:*
महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा कि अटल केवल एक राजनेता ही नहीं बल्कि कवि, विचारक और राष्ट्रनायक थे। उनके द्वारा स्थापित सुशासन, सामाजिक समरसता और विकास की सोच आज भी देश को मार्गदर्शन दे रही है।
*कार्यक्रम में उपस्थित:*
सम्मेलन में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी अमित गुप्ता, सहप्रभारी घनश्याम अग्रवाल ‘गुड्डा’, नगर निगम कार्यकारिणी की उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी, उपनेता पार्षद दल सुशील तिवारी ‘पम्मी’ सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*कार्यक्रम का संचालन:*
कार्यक्रम का संचालन पार्षद रंजीत सिंह द्वारा किया गया। वक्ताओं ने अटल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान, उनकी दूरदर्शी नीतियों, सर्वसमावेशी विकास की सोच और लोकतंत्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
