
धनेश विद्यार्थी,
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
धारूहेड़ा/रेवाड़ी।
थाना धारूहेड़ा पुलिस ने दिल्ली नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर लगभग 4.5 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजस्थान के बहरोड़ के वार्ड नं 2 हाल किरायेदार न्यू कालोनी मुरलीपुरा जयपुर निवासी भूपेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गत 5 नवंबर 2023 को गांव असदपुर निवासी राहुल ने अपनी शिकायत में बताया था कि वर्ष 2022 में उसके गांव के रहने वाले मंतोष ने उसे राजस्थान के बहरोड़ निवासी भूपेंद्र से मिलवाया था। मंतोष ने बताया कि भूपेंद्र की दिल्ली नगर निगम में बड़े-बड़े अधिकारियों से जान-पहचान है। वह उसे नगर निगम में नौकरी लगवा देगा। मंतोष के कहने पर उसने भूपेंद्र के खाते में अपने खाते से 4 लाख रुपए ट्रांसफर करा दिए। उसने 50 हजार रुपए भूपेंद्र को नकद दे दिए। इसके बाद कई दिनों तक भूपेंद्र ने उससे कोई बात नहीं की।
उन्होंने बताया कि बाद में भूपेंद्र ने उसे 24 फरवरी 2022 की मुहर लगा एक ज्वाइनिंग लेटर दे दिया, जिस पर ज्वाइनिंग की डेट 5 व 17 मई लिखी हुई थी। जब वह लेटर लेकर संबंधित कार्यालय में पहुंचा तो उसे बताया गया कि यह लेटर फर्जी है। इसके बाद उसे ठगी का पता चला। जिस पर पुलिस ने थाना धारूहेड़ा में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जो इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को मामले में संलिप्त आरोपी भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत करके पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
