
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
नई दिल्ली
बेशक कई कारणों से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई लेकिन इस दौर में पार्टी ने उन नेताओं को भी समझ लिया है जिनके कारण ऐसा हुआ और क्यों अब भी कांग्रेस हरियाणा में फूट की शिकार हो रही है। बेशक कांग्रेस हरियाणा में चुनाव नहीं जीत पाई लेकिन हाई कमान ने चुनाव के बाद न केवल वर्कआउट तेज कर दिया बल्कि हरियाणा की राजनीतिक अहमियत को भी समझने की कोशिश की है। कांग्रेस के नेता इस बात को समझ गए हैं कि दिल्ली की रैलियां हरियाणा के योगदान के बिना सफल नहीं हो सकती। इसके अलावा भी राजनीति में हरियाणा की अहमियत राष्ट्रीय परिपेक्ष्य में किसी भी दूसरे प्रदेश से अपेक्षाकृत बहुत ज्यादा है। राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रुचि लेकर हरियाणा में कांग्रेस के संगठन को खड़ा करने की पहल की। सबसे बड़ी चीज यह है कि राहुल गांधी ने हरियाणा में कांग्रेस और कांग्रेस के नेताओं की योग्यता, जनाधार, उपयोगिता ही नहीं उनके तासीर और फितरत को भी समझ लिया है।
खबर है कि अगले चुनाव से पहले राहुल गांधी हरियाणा में कांग्रेस में बहुत चीज बदलना चाहते हैं लेकिन अपनी योजनाओं को अपने तक सीमित करके ही चल रहे हैं।
राहुल गांधी अब प्रदेश कांग्रेस के उन नेताओं को एक संदेश देने के लिए हरियाणा आने वाले हैं जो सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा को निजी बताकर इससे दूरी बनाकर चल रहे हैं। राहुल गांधी क्या चाहते हैं उसे शायद कांग्रेस के हरियाणा के कई नेताओं ने समझ लिया है और जिन्होंने नहीं समझा है और जो समझना नहीं चाहते उन्हें अब सावधान होने की जरूरत पड़ने वाली है ।
खबर है कि सद्भाव यात्रा पर निकले पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह 29 नवंबर को यात्रा को 1दिन के लिए स्थगित कर नई दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिले थे ।उन्होंने यात्रा ,इसकी सफलता ,समर्थन , और कांग्रेस के नेताओं की भूमिका पर खुलकर चर्चा की और राहुल गांधी को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जिसे राहुल गांधी ने न केवल सहर्ष स्वीकार कर लिया बल्कि सुविधा अनुसार कार्यक्रम तय करने के लिए 3 तारीखें भी नोट करा दी।
अब यह लगभग तय है कि राहुल गांधी हरियाणा में चल रही सदभाव यात्रा के तीसरे चरण में शामिल होने हरियाणा आ रहे हैं। राहुल गांधी का आना यह साबित कर देगा की जो लोग कांग्रेस में रहते कांग्रेस को मजबूत करने के इस व्यावहारिक तरीके में मीन मेख निकालकर अपने ही विचारों को थोपना चाहते हैं वह गलती पर हैं। आप समझ सकते हैं कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह जो पहले यह कहते देखे जा रहे थे कि सद्भाव यात्रा उनके अध्यक्ष बनने से पहले शुरू हो गई थी। आगे से ऐसे कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस की समिति के बाद ही शुरू किये जा सकेंगे ,अब इसे न केवल कांग्रेस की ही यात्रा बता रहे हैं बल्कि कांग्रेस जनों को इसमें शामिल होने की सलाह भी देने लगे हैं ।कांग्रेस के ही कार्यकर्ताओं ने इन परिस्थितियों को समझना शुरू कर दिया है। अब कांग्रेस जन खुद इन बातों पर परस्पर चर्चा करते देखे जा सकते हैं कि यह यात्रा राहुल गांधी से परमिशन लेकर शुरू की गई थी और इसे राहुल गांधी ही नहीं हाईकमान का समर्थन प्राप्त है।
हरियाणा में लोग इस बात को समझ रहे हैं कि रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी शैलजा और कुलदीप शर्मा यूं ही इस यात्रा के समर्थन में नहीं आ गए हैं और जो इस यात्रा से दूरी बनाए हुए हैं उनकी मन्सा को पार्टी के बड़े नेता अच्छी तरह से समझ रहे हैं।पता चला है कि राहुल गांधी जब भी हरियाणा में आएंगे उनके दिमाग में पंजाब के चुनाव पंजाब और हरियाणा में कांग्रेस की गुटबाजी निश्चित तौर पर होगी और वह इन दोनों राज्यों के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को निश्चित तौर पर एक बड़ा संदेश देकर जाएंगे और कांग्रेस में नया रंग भरने की कोशिश करेंगे।
