
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ़ ।
बिहार में भाजपा को मिले प्रचंड बहुमत ने इस बात को फिर से साबित कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता बहुत ही कैलकुलेटिव तरीके से राजनीति करते हैं। कभी खाली नहीं बैठते लगातार पॉलीटिकल एक्सरसाइज करते रहते हैं। यही कारण है कि जानकार मानने लगे हैं कि भारतीय जनता पार्टी अब हरियाणा को गुजरात जैसा मजबूत राज्य बनाने की योजना पर तो काम करेगी ही , वहीं पंजाब भी उसके लिए ऐसा प्रदेश हो जाएगा जहां वह अपने दम पर सरकार बनाने की कोशिश में जुटी नजर आने लगेगी। भारतीय जनता पार्टी पंजाब की सरकार को भी उसी तरीके से सत्ता से बाहर करने की योजना पर काम शुरू वाली है जैसे उसने दिल्ली की सरकार को किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पंजाब को एक पॉलिटिकल लैबोरेट्री के रूप में देखते हैं। पार्टी के नेताओं को लगता है कि साल सवा साल में होने जा रहे पंजाब के चुनाव में उन्हें शिरोमणि अकाली दल की कमजोरी, कांग्रेस की फुट और आम आदमी पार्टी की नाकामयाबी का लाभ आसानी से मिल जाएगा। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में विकास की झलक दिखाकर पंजाब के मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास तो अभी से करने लगी है। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के पिछड़े वर्ग के लोगों का विश्वास जीतने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सौंपने वाली है। मुख्यमंत्री सैनी कई बार पंजाब के कार्यक्रम बनाकर लोगों को यह संदेश देकर आ चुके हैं कि हरियाणा में सरकार किस तरह से ग्राम पंचायतों को उनकी जरूरत के अनुसार ग्रांट दे रही है। भारतीय जनता पार्टी पंजाब में बिजनेस पर काबिज अग्रवाल समाज के निर्णायक मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी खास जिम्मेदारी दे सकती है। भारतीय जनता पार्टी के नेता जल्दी ही धार्मिक डेरों से प्रभावित रहने वाली पंजाब की राजनीति को योजना बनाकर अपने अनुकूल बनाने की कोशिश में जुट सकते हैं। जानकार मानते हैं कि पंजाब भारतीय जनता पार्टी के हाथ आ गया तो वह यहीं से दो पर्वतीय राज्यों जम्मू एंड कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश की राजनीति, उनके स्वरूप और राजनीतिक ताने बाने को बदलने की कोशिश कर सकते हैं। कभी हरियाणा में भाजपा की स्थिति बहुत कमजोर थी और उसने लोकदल के साथ तालमेल स्थापित करके अपना काम चलाना पड़ता था आज इस प्रदेश में भाजपा ने सत्ता की हैट्रिक लगाने का काम कर दिखाया है। आप यह मन कर चलिए की भारतीय जनता पार्टी के लिए पंजाब एक चुनौती जरूर है लेकिन उसके नेता इस चुनौती को स्वीकार भी कर चुके है और और इस पर काम भी कर रहे हैं। आगे आगे देखिए होता है क्या!
