
image साभार ।
गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
मुम्बई।
हिंदुस्तान में संगठित अंडरवर्ल्ड के खिलाफ लगातार भारतीय एजेंसियों द्वारा कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में लॉरेंस विश्नोई गैंग के कुख्यात गैंगस्टर लखविंदर कुमार उर्फ लाखा को भारत लाया गया है. हरियाणा पुलिस के डीजीपी ओपी सिंह इसे स्पेशल टास्क फोर्स की बड़ी सफलता मान रहे हैं. डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि एक कायर, भगोड़े और देशद्रोही को पुलिस अमेरिका से वापस खींच लाई है. डीजीपी ने बताया कि गैंगस्टर लाखा को सीबीआई के कोऑर्डिनेशन में चलाए गए एक इंटरनेशनल ऑपरेशन के तहत अमेरिका से डिपोर्ट किया गया. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली पहुंचते ही हरियाणा एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि डिपोर्टेशन की यह पूरी प्रक्रिया लगभग एक साल की कानूनी जद्दोजहद और जांच एजेंसियों के बीच निरंतर समन्वय के बाद पूरी हुई है. गैंगस्टर लखविंदर कुमार हरियाणा के कैथल जिले के तितरम गांव का रहने वाला है. एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ है कि वो पिछले दो वर्षों से गैंगस्टर अनमोल विश्नोई के निर्देश पर अमेरिका में बैठकर हरियाणा और पंजाब में जबरन वसूली और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. लोगों को डरा धमका कर उनसे रंगदारी वसूल रहा था. पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम करीब 130 से ज्यादा मामलों में दर्ज है पुलिस के मुताबिक, लाखा का क्रिमिनल रिकॉर्ड बहुत बड़ा है. 14 फरवरी 2023 को हरियाणा के सोनीपत के गोहाना पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 384 और 506 के तहत केस दर्ज किया गया था. इसी तरह 21 मार्च 2023 को रोहतक के मेहम पुलिस स्टेशन में भी उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. हरियाणा के ही यमुनानगर, कैथल और अंबाला समेत कई जिलों में उसके खिलाफ जबरन वसूली और फायरिंग से जुड़े केस दर्ज हैं. पुलिस ने उसके बढ़ते अपराध और अंतर्राष्ट्रीय गतिविधियों को देखते हुए साल 2023 में लाखा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर और साल 2024 में रेडकॉर्नर नोटिस जारी कराया था. इसी नोटिस के आधार पर इंटरपोल और अमेरिकी एजेंसियों के सहयोग से उसको ट्रेस किया गया. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे कानूनी रूप से डिपोर्ट किया गया और भारत लाकर हरियाणा एसटीएफ के हवाले कर दिया गया. हरियाणा पुलिस के डीजीपी ओपी सिंह ने इस गिरफ्तारी को मिशन ऑर्गेनाइज्ड क्राइम क्लीनअप की दिशा में बड़ी कामयाबी बताया. उन्होंने कहा कि हरियाणा एसटीएफ अब उन दूसरे अपराधियों पर भी निगाह रख रही है जो विदेश से बैठकर हरियाणा राज्य में अपराधिक गतिविधियों को फंड या कंट्रोल कर रहे हैं. पुलिस वॉन्टेड क्रिमिनल की पहचान कर रही है और उनके डिपोर्टेशन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर चुकी है. डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस अब किसी भी विदेशी ठिकाने से संचालित अपराध नेटवर्क को बख्शने वाली नहीं है. गैंगस्टर लखविंदर की गिरफ्तारी ने न केवल लॉरेंस विश्नोई गैंग के नेटवर्क की कमर तोड़ दी है, बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि पुलिस किसी भी सीमा तक पहुंच सकती है. गौरतलब है कि कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई इस वक्त गुजरात कि साबरमती जेल में बंद है, लेकिन उसका गैंग कनाडा और अमेरिका में बैठे उसके गुर्गे ऑपरेट कर रहे हैं. इस गैंग के गोल्डी बराड़, अनमोल विश्नोई और रोहित गोदारा अपने इशारे पर हिंदुस्तान में आतंकी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं. इनके निशाने पर ज्यादातर प्रॉपर्टी डीलर और बड़े बिजनेसमैन होते हैं. उनसे रंगदारी वसूल की जाती है.
