
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
लखनऊ।
अमौसी एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार सुबह दहशत का माहौल हो गया, क्योंकि इंजन में तकनीकी गड़बड़ी की स्थिति को देखते हए पायलट ने विमान को अचानक रोक दिया । यात्रियों की जान तब आई जब विमान को रनवे से वापस लौटाया गया। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली रवाना किया गया।
मामला शनिवार सुबह का है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई-2111 चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सुबह 10.30 बजे के आसपास उड़ान भरकर 12.30 बजे तक दिल्ली पहुंचती है। सुबह विमान रनवे पर पहुंचा। उसके इंजनों ने रफ्तार पकड़नी शुरू की। उड़ान से ठीक पहले इंजन थ्रस्ट लेते हैं, जिससे एक झटके में विमान जमीन छोड़कर हवा में आ जाता है। लेकिन, दिल्ली जाने वाली यह हवाई जहाज उड़ान ही नहीं भर पाया।
पता चला है कि इस विमान में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव और गोंडा के सपा नेता सूरज सिंह भी विमान में सवार थे। सूरज सिंह ने सोशल मीडिया पर मामले को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। उन्हें 2बी सीट मिली थी। वह विमान में सवार हुए। विमान के रनवे पर पहुंचने के बाद इंजनों को थ्रस्ट नहीं मिला। तकनीकी गड़बड़ी के चलते ऐसा हुआ। लिहाजा इंडिगो के विमान को वापस लौटा लिया गया। लेकिन, तेज रफ्तार विमान को अचानक रोक देने से यात्रियों में दहशत पैदा हो गई। यात्रियों को शांत करवाकर दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया। वहीं इंडिगो एयरलाइंस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि रनवे पर विमान आगे नहीं बढ़ पा रहा था। इसके चलते विमान की जांच करवाई गई।
