
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालका 7 सितंबर 2025।
शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा कांग्रेस कमेटी पूर्व प्रदेश सचिव विजय बंसल एडवोकेट ने गत 19 मई 2025 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को ज्ञापन भेज कर कालका के टिपरा गांव में मंजूर 200 बेड के अस्पताल भवन निर्माण का काम जल्द आरंभ करने, और पिछले लंबे अरसे से बंद पड़े पिंजौर के पॉलीक्लिनिक भवन निर्माण कार्य को पुन आरंभ कर लोगों को प्राप्त स्वास्थ्य सेवाएं सुविधाए उपलब्ध करवाने और साथ ही पिंजौर ब्लॉक के रायतन क्षेत्र में मंजूर प्राइमरी हेल्थ सेंटर भी जल्द खोलने की की मांग की थी। विजय बंसल के ज्ञापन के बाद प्रशासन हरकत में आया है और तीनों स्वास्थ्य केंद्र खोलने की प्रक्रिया को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आरंभ कर दिया है।
विजय बंसल एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पता चला है कि सिविल अस्पताल कालका के भवन निर्माण कार्य और गांव टिपरा में किसी नए स्थान पर सिविल अस्पताल को स्थानांतरण के संबंध में गत 17 फरवरी 2025 को अनुमानित लागत 18 करोड़ 2373760 रुपए बजट प्रस्ताव बनाकर स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को आगे की कार्यवाही के लिए भेजा गया था। तथापि कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा के कार्यालय द्वारा गत 25 जून 2025 को स्वास्थ्य विभाग को पत्र प्राप्त हुआ जिसमें विधायक की ओर से यह प्रस्ताव दिया गया है कि टिपरा में बनने वाले 200 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण के लिए एचएमटी पिंजौर में उपयुक्त भूमि चिन्हित कर ली गई है। इसलिए विधायक के पत्र अनुसार गत 1 जुलाई 2025 को एचएमटी में 200 बिस्तरों वाले मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव हरियाणा स्वास्थ्य विभाग महानिदेशक के कार्यालय को भेजा गया था। विजय बंसल ने कहा कि पिंजौर,कालका- परवाणू बाईपास के कोई भी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र नहीं है इसलिए टिपरा गांव में ही 200 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाया जाना चाहिए क्योंकि वहां पर नगर परिषद 18 करोड रुपए की जमीन देने को तैयार है और स्वास्थ्य विभाग भी राशि जमा करने को राजी हो गया था। विजय बंसल ने बताया कि इतना ही नहीं कालका रेलवे रोड पर स्थित सिविल अस्पताल के भवन के बदले टिपरा में अस्पताल भवन के लिए जमीन देने की सहमति भी बन गई थी लेकिन उस प्रस्ताव को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। जिस कारण पिछले कई वर्षों से कालका, पिंजौर वासियों को उचित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए या तो किसी महंगे प्राइवेट अस्पताल या चंडीगढ़, पंचकूला के अस्पतालों में जाना पड़ता है जिसमें समय और पैसे की भी बर्बादी हो रही है। जबकि क्षेत्र की आबादी कई गुना बढ़ चुकी है लेकिन यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं नाम मात्र को ही मिल रही है।
विजय बंसल ने बताया कि इसी प्रकार वर्ष 2021 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को ज्ञापन देकर पिंजौर ब्लॉक के रायतन क्षेत्र में 25 बिस्तरों वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करने की मांग की थी लेकिन उस पर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। उक्त स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को भी जल्द बनाने की मांग मुख्यमंत्री से की थी। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्यवाही की गई है कि पिंजौर ब्लॉक के गांव भौरिया और चपैहर में प्राईमरी हेल्थ सेंटर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों द्वारा गत 3 जुलाई को जमीन का पुनः निरीक्षण किया गया था। पिंजौर बीडीपीओ द्वारा दी गई सूचना अनुसार स्वास्थ्य विभाग अंतिम प्रस्ताव बनाकर उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर देंगे। विजय बंसल ने बताया कि पिंजौर के रायतन क्षेत्र में लगभग 40 से अधिक गांव पड़ते हैं लेकिन उनके लिए कोई भी स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध नहीं है जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि पिंजौर के प्रायमरी हेल्थ सेंटर के साथ ही बहुमंजिला अर्बन पॉलीक्लिनिक भवन का निर्माण किया जा रहा था लेकिन पिछले कई वर्षों से इस भवन का निर्माण कार्य बंद पड़ा है मुख्यमंत्री से अर्बन पॉलीक्लिनिक भवन का निर्माण कार्य पुनः आरंभ कर लोगों को उचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की मांग की गई थी। इस विषय में भी स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अर्बन पॉलीक्लिनिक पिंजौर का भवन का निर्माण कार्य लगभग 75% तक पूरा हो चुका है। अब केवल बिजली फिटिंग और जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यों सहित फर्निशिंग का कार्य ही लंबित पड़ा है। उपरोक्त कार्य की अनुमानित लागत लगभग 16 करोड़ रूपये का प्रस्ताव बनाकर गत 11 जुलाई को लोक निर्माण विभाग और महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा को भेज दिया गया है।
विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि उपरोक्त तीनों स्वास्थ्य केंद्र जल्द बनाए जाएं साथ ही पिंजौर से शिमला और पिंजौर से नालागढ़ की ओर प्रतिदिन हजारों की संख्या में जाने वाले वाहनों के कारण अक्सर यहां पर छोटी -बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं लेकिन यहां पर कोई भी ट्रॉमा सेंटर नहीं है। इसलिए नेशनल हाईवे पर एक ट्रॉमा सेंटर भी बनाया जाना चाहिए क्योंकि किसी भी आपात स्थिति में घायल को चंडीगढ़ पीजीआई या पंचकूला ले जाने में काफी समय बर्बाद हो जाता है इस दौरान दुर्घटना में हुए कई घायल अपनी जान भी गवा चुके हैं।
