
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला ।
अमरावती एंक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (AERWA) के प्रयास से एनएच-5 (चंडीमंदिर रेड लाइट) से अमरावती एंक्लेव, डीएलएफ, ट्राइडेंट और सेक्टरों को जोड़ने वाली अधूरी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। फॉरेस्ट और एनवायरमेंट डिपार्टमेंट से एनओसी मिलने के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने फ्रेश टेंडर लगाकर एजेंसी को काम अलॉट कर दिया है,। जिसने मौके पर जेसीबी और अन्य मशीनों के साथ काम शुरू कर दिया है।
समाधान शिविर में उठी थी मांग
अमरावती आरडब्ल्यूए के प्रधान शमशेर शर्मा ने बताया कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के ‘समाधान शिविर’ में प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने डीसी पंचकूला और एचएसवीपी के अधिकारियों को ज्ञापन देकर अधूरे रोड को बनाने व अमरावती को STP के पास रास्ता दिलाने की मांग की थी ओर बताया था कि कौशल्या नदी पर करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बना पुल पिछले डेढ़ साल से बेकार पड़ा है। एप्रोच रोड का काम वन विभाग की अनुमति न मिलने के कारण अटका हुआ था।
डीसी पंचकूला का कड़ा संज्ञान
आरडब्ल्यूए की मांग पर संज्ञान लेते हुए डीसी पंचकूला ने एचएसवीपी से तुरंत रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि सड़क निर्माण के लिए पेड़ों को काटने और वन विभाग की सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त हो चुकी हैं। डीसी ने आदेश दिया था कि इस अधूरे कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि जनता के पैसे से बना पुल जनता के काम आ सके।
इन क्षेत्रों को होगा सीधा लाभ
अमरावती एंक्लेव, डीएलएफ, ट्राइडेंट सिटी, हिमशिखा कॉलोनी व आसपास के दर्जनों गांव ओर उनके हजारों निवासियों को ये सड़क बनने से सीधा फायदा होगा। एचएसवीपी द्वारा भविष्य में इस रोड के माध्यम से नए सेक्टर विकसित किए जाने की योजना है। “इस रोड के चालू होने से पंचकूला और चंडीगढ़ आने-जाने के लिए एक बेहतरीन वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। कई किलोमीटर का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। साथ ही, अमरावती कनेक्टिविटी और बेहतर हो सकेगी। क्षेत्र के लोगों को जाम मुक्त शॉर्टकट रास्ता उपलब्ध होगा। प्रधान शमशेर शर्मा व कार्यकारिणी ने खुशी जताते हुए सीएम हरियाणा, डीसी पंचकूला व एचएसवीपी अधिकारियों का धन्यवाद किया। मौके पर शमशेर शर्मा, कर्नल राय अविकास, अनिल बतोड़, अरविंद जोशी, हेमराज शर्मा, अशोक अरोड़ा प्रोजेक्ट मैनेजर आदि मौजूद रहे।
