
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
बोहड़ाकला 06 सितंबर। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान करीब छः हजार किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण का प्रावधान किया गया था। इन सड़कों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसी माह बरसात के थमते ही इन पर कार्य आरंभ हो जाएगा। उन्होंने यह बात शनिवार को जिला के बहोड़ा कला में अखिल भारतीय ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (एबीटीए) द्वारा राष्ट्रीय परिवहन दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्ष का समय सड़क परिवहन के क्षेत्र का स्वर्ण काल है। इस अवधि में देश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर ऐतिहासिक कार्य हुआ है। आज प्रदेश के सभी जिले राष्ट्रीय राजमार्गों से कनेक्ट है। ऐसा कार्य स्वतंत्रता प्राप्ति के 60 वर्षों में भी नहीं हुआ। हरियाणा के एक छोर से दूसरे पर जाने की समय अवधि पहले की तुलना में आधी रह गई है।
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की मांगों पर होगा काम
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की यही मंशा है कि हर वर्ग को सभी प्रकार की सुविधाएं मिले। समारोह में पहुंचने पर अखिल भारतीय ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री का फूलमाला और पगड़ी बांध कर स्वागत किया। साथ ही ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़ी मांगों का पत्र भी सौंपा। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने ध्यानपूर्वक एसोसिएशन की मांगों को सुना और आश्वस्त करते हुए कहा कि आपकी मांगों पर जल्द ही कार्य होता नजर आएगा। साथ ही केएमपी पर अतिरिक्त कैमरे भी लगाए जाएंगे ताकि टोल को लेकर किसी प्रकार की दुविधा न हो।
बिलासपुर-मानेसर फ्लाईओवर कार्य जल्द होंगे
मंत्री राव नरवीर ने कहा इसके अतिरिक्त बिलासपुर और मानेसर के फ्लाईओवर के कार्य भी जल्द शुरू होंगे और नई कनेक्टिंग सड़कों पर भी काम होगा। इस अवसर पर बीजेपी के गुरुग्राम महानगर अध्यक्ष अजीत यादव, अखिल भारतीय ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष कंवर यादव, संरक्षक सतबीर सिंह, गुरुग्राम जिला के कार्यकारी प्रधान विजेंद्र सिंह, पार्षद कुलदीप यादव, वीरेंद्र शर्मा व अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
