
धनेश विद्यार्थी,
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
रेवाड़ी।
साइबर थाना रेवाड़ी पुलिस ने कम्पनी मेंटेंस मैनेजर को पार्ट टाइम जॉब के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर ठगी करने के मामले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस आरोपी की पहचान यूपी के जिला लखनऊ के गोपालगंज चिकमेडी निवासी मोहम्मद तौसिब के रूप में हुई हैं। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी हैं।
बता दें कि गत वर्ष 29 अक्तूबर को ओमैक्स सिटी सोनीपत हालआबाद अवलोन रंगोली धारूहेड़ा निवासी निशांत उपाध्याय ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह धारूहेड़ा स्थित पीएमआई कम्पनी में बतौर मेंटेंस मैनेजर काम करता हैं। उसके पास व्हाट्स पर एक पार्ट टाइम जॉब का मेसेज आया था, जिसमें एक टेलीग्राम लिंक दिया गया था। शुरुआत में उन्होंने ऑनलाइन लिंक पर अकाउंट बनाने पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
इसके बाद वह चंगुल में फंसता चला गया। जो कई ट्रांजेक्शन के जरिए उसने करीब 15 लाख 98 हजार 196 रुपए उनके अलग – अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। इस पर पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त दो आरोपी यूपी के जिला बुलंदशहर के गांव नारमोहम्मदपुर निवासी गौरव उर्फ गोलू व गौरव उर्फ सिट्टू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी गौरव उर्फ गोलू के खाते में 4.87 लाख रुपए गए थे। गौरव उर्फ गोलू ने गौरव उर्फ सिट्टू के कहने पर अपना खाता कमीशन के आधार पर साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था।
इस मामले में पुलिस ने सोमवार को मामले में संलिप्त एक और आरोपी यूपी के जिला लखनऊ के गोपालगंज चिकमेडी निवासी मोहम्मद तौसिब को भी गिरफ्तार कर लिया हैं। आरोपी मोहम्मद तौसिब के बैंक खाते में ठगी की 49 हजार रुपये की रकम ट्रांसफर हुई थी। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
